Baghpat: युवक पर फिल्मी स्टाइल में जानलेवा हमला, 200 मीटर तक घसीटने का आरोप; CCTV में कैद हुई वारदात
बागपत शहर के केतीपुरा मोहल्ले में सुबह की सैर पर निकले युवक पर जानलेवा हमले का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने युवक को करीब 200 मीटर तक घसीटा, गला घोंटने और गोली मारने की धमकी दी। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद होने का दावा किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विस्तार
बागपत शहर के पुराना कस्बा स्थित केतीपुरा मोहल्ले में एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित के भाई ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि पशु तस्करी की शिकायत पुलिस से करने की रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया।
सुबह की सैर पर निकले युवक पर हमला
पीड़ित के भाई फैजान के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे अदनान घर से टहलने के लिए निकला था। आरोप है कि रास्ते में मोहल्ले के कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें: Kanwad Yatra: सास-बहू और जेठानी-दौरानी ने साथ उठाई कांवड़, दिया पारिवारिक एकता का संदेश
गला घोंटने और गोली मारने की धमकी का आरोप
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि एक आरोपी ने अदनान की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मारने की धमकी दी, जबकि दूसरे ने फंदा बनाकर उसका गला घोंटने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए अदनान भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा कर दोबारा पकड़ने में सफल रहे।
200 मीटर तक घसीटने और मोबाइल छीनने का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने अदनान को करीब 200 मीटर तक घसीटा। इस दौरान उसका मोबाइल भी छीन लिया गया। मारपीट में उसके दांत टूट गए और कान का पर्दा भी फट गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
पीड़ित परिवार का दावा है कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।