पति रोज करता है मारपीट...कई दिन से रेलवे स्टेशन पर रह रही पीड़िता, पुलिस से की तलाक दिलाने की मांग
केंद्र सरकार भले ही महिलाओं के प्रति अपराधों पर शिकंजा कसने के दावे करती हो लेकिन हकीकत इससे परे है। कहीं पर कानून बनने के बावजूद तीन तलाक के मामले बढ़ रहे हैं तो कहीं पर महिलाएं घरेलु हिंसा का शिकार हो रही हैं। इसका ताजा उदाहरण बागपत जनपद में देखने को मिला। यहां एक महिला पति के जुल्म से तंग आकर रेलवे स्टेशन पर रहने को मजबूर है। पीड़िता ने पुलिस से इंसाफ की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गौरीपुर जवाहरनगर निवासी मुस्कान ने बताया कि उसकी एक साल पहले गाजियाबाद जनपद के लोनी निवासी युवक से शादी हुई थी। आरोप है कि पति उसके साथ रोज मारपीट करता है। हाल ही में पति ने गला दबाकर उसे मारने की कोशिश की। जिसके बाद वह किसी तरह जान बचाकर ट्रेन में सवार होकर बड़ौत रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई।
पीड़िता ने बताया कि वह कई दिनों से रेलवे स्टेशन पर ही रह रही हैं। ससुराल में उसके साथ अत्याचार हो रहा है तो वहीं मायके में भी उसका कोई नहीं है। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है। उसके कोई भाई भी नहीं है और मां घर बेचकर कहीं चली गई है।
पीड़िता ने पति के खिलाफ तहरीर देकर पति से तलाक दिलवाने की मांग की। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि घटना लोनी में हुई है तो मुकदमा भी वहीं पर ही दर्ज होगा। महिला को लोनी थाने भेज दिया गया है।