बागपत। आचार संहिता व कोरोना महामारी अधिनियम के उल्लंघन के दो मुकदमों में बुधवार को छपरौली से रालोद विधायक समेत 10 नेताओं ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उन्हें न्यायालय से जमानत मिल गई है।
अधिवक्ता जयवीर सिंह तोमर ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान सिरसली गांव में छपरौली से रालोद विधायक प्रो. अजय कुमार की जनसभा हुई थी। इसको लेकर पांच नामजद समेत 70 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें बुधवार को विधायक डॉ. अजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज उज्ज्वल, विकास प्रधान, राजू तोमर सिरसली, सतवीर सिंह ने कोर्ट पहुंचकर सरेंडर किया। इसके अतिरिक्त पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की रथयात्रा के दौरान कोविड अधिनियम के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसमें विधायक डॉ. अजय कुमार, नरेश, देवेंद्र, इंद्रपाल, सतेंद्र, सुरेंद्र ने सरेंडर कर दिया। इन सभी को न्यायालय ने जमानत दी।