Baghpat News: ट्रेनों की गति बढ़ेगी, समय की बचत होगी, 150 किमी लंबी लाइन पर चल रहा है कार्य
दिल्ली-सहारनपुर रेलवे रूट पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए ट्रैक की मरम्मत का कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है। इस रूट पर पड़ने वाले स्टेशनों से अप-डाउन लगभग 26 से अधिक ट्रेनों से यात्री सफर करते हैं।
विस्तार
दिल्ली-सहारनपुर रेलवे रूट पर सफर करने वाले रेलयात्रियों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही 80 से 90 स्पीड में चलने वाली ट्रेनें 130 की रफ्तार से दौड़ेगी। ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए ट्रैक की मरम्मत का कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है। लोनी से टपरी तक होने वाला यह कार्य लोनी से कांधला के बीच पूरा हो चुका है। फरवरी माह तक यह कार्य पूरा हो जाएगा।
दिल्ली-सहारनपुर रेलवे रूट पर पडने वाले लोनी, खेकड़ा, बागपत, बड़ौत, कासिमपुर खेडी, कांधला, शामली, हिंड, थानाभवन, ननौता, रामपुर महिहारन, टपरी सहित 14 स्टेशनों पर प्रतिदिन 50 हजार के आसपास यात्रियों की आवाजाही है।
यह भी पढ़ें: Covid Alert: बिजनौर के 5 साल के बच्चे में कोरोना संक्रमण की पुष्टि, जिनोम सीक्वेंसिंग के लिए दिल्ली भेजे सैंपल
इन स्टेशनों से अप-डाउन लगभग 26 से अधिक ट्रेनों से यात्री सफर करते हैं। दिल्ली मंडल रेलवे प्रशासन ने रेलवे बोर्ड के निर्देश पर इन रूटों पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने को लेकर ट्रैक की मरम्मत, इंटरलॉकिंग और यार्ड रिमॉडलिंग के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। ऐसे में ट्रेनों की रफ्तार बढ़ने से यात्रियों के समय की बचत होगी।
150 किमी लंबी लाइन में चल रहा है कार्य
सीनियर सेक्शन इंजीनियर सुदेशपाल ने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर रेलवे रूट पर ट्रैक की मरम्मत व अन्य कार्यो को कराने के लिए जिंद, हिसार, पानीपत से पांच बड़ी मशीनें मंगाई गई हैं। पिछले दो माह से लोनी से टपरी तक लगभग 150 किमी लंबी रेलवे लाइन में यह कार्य तेजी से किया जा रहा है।
रात में होता है तेजी से काम, दिन में आराम करते कर्मचारी
स्टेशन अधीक्षक सुधीर शर्मा ने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर रेलवे रूट पर लोनी से पटरी तक ट्रैक की मरम्मत का कार्य होना है। फिलहाल लोनी से कांधला तक काम पूरा हो चुका है। रात्रि के समय ब्लाक यानी अनुमति मिलने पर पांचों बड़ी मशीनें तेजी से काम पूरा करती है और दिन के समय कर्मचारी आराम करते हैं।