नामांकन का पहला दिन: रालोद-सपा और बसपा प्रत्याशियों समेत 12 ने खरीदे फार्म, कलक्ट्रेट में रही कड़ी सुरक्षा
Baghpat News : बागपत जनपद में नामांकन के पहले दिन रालोद, सपा और बसपा प्रत्याशियों समेत 12 ने फार्म खरीदे। इस दौरान कलक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा के इंतजाम रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लोकसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन रालोद, सपा, बसपा प्रत्याशियों समेत 12 ने फार्म खरीदे, मगर किसी ने नामांकन नहीं किया। वहीं, नामांकन प्रक्रिया के दौरान कलक्ट्रेट में भारी पुलिस बल तैनात रहा और सीसीटीवी कैमरे के सहारे कंट्रोल रूम से निगरानी की गई।
कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी न्यायालय में नामांकन कक्ष बनाया गया है। बृहस्पतिवार को पहले दिन रालोद से डॉ. राजकुमार सांगवान, सपा से मनोज चौधरी व जनमेजय त्यागी, बसपा के लिए प्रवीण बंसल के साथ ही उनकी पत्नी अंजू बंसल व सुबोध बंसल ने निर्दलीय, बहुजन मुक्ति पार्टी से सोहनबीर, समाज सेवा पार्टी से इस्तेकार अली के अलावा रामकुमार, सत्यप्रकाश, सुभाष कश्यप, सुभाष के लिए नामांकन फार्म खरीदे गए। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पहले दिन 12 नामांकन फार्म लेकर गए हैं, हालांकि एक भी नामांकन नहीं किया गया।
हाईवे वनवे व कलक्ट्रेट का मुख्य गेट बंद करने से लोग परेशान
कलक्ट्रेट में नामांकन के कारण दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे को सिसाना गांव के पास से वन-वे कर दिया गया। जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और सिसाना के पास इस कारण हादसा होने से राजू, बिरम समेत चार लोग घायल हो गए। हालांकि, वह कोई कार्रवाई किए बिना चले गए। इसके अलावा कलक्ट्रेट का मुख्य गेट भी बंद कर दिया गया। जिससे लोगों को दूसरे गेट से अंदर जाने के लिए काफी दूर तक पैदल चलना पड़ा।
यह भी पढ़ें: Meerut: उज्जैन जा रहे बहसूमा के एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत, हरियाणा के मेवात में हुआ हादसा
सीसीटीवी कैमरों से हुई निगरानी
कलक्ट्रेट में नामांकन को लेकर बृहस्पतिवार को भारी पुलिस बल तैनात रहा। हर किसी को चेकिंग के बाद ही अंदर जाने दिया गया। इसके अलावा कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के सहारे निगरानी की गई। मुख्य द्वार से केवल नामांकन पत्र लेने व जमा करने आने वालों को निकलने दिया जा रहा है। इसके लिए पहले चेकिंग की जा रही है।
यह भी पढ़ें: मेरठ लोकसभा सीट: सपा में टिकट को लेकर घमासान, दावेदारों का लखनऊ में डेरा, जोर-आजमाइश जारी