दोघट। कस्बे में गन्ना भाव नहीं बढ़ाने एवं गन्ना बकाया भुगतान न मिलने से नाराज किसानों की पंचायत हुई। पंचायत में चेतावनी दी शीघ्र ही गन्ना मिलों द्वारा किसानों के गन्ने का भुगतान न कराया तो किसान गन्ना समस्या को लेकर शीघ्र आंदोलन शुरू करेंगे।
दोघट कस्बे में किसानों की पंचायत में राजपाल शास्त्री ने कहा कि सरकार ने किसानों के गन्ने के भाव मे कोई वृद्ध नहीं की। जबकि किसानों को महंगी खाद, पानी, उर्वरक, बिजली, तेल की मार झेलकर खेती करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। क्षेत्र का गन्ना खरीद कर रही भैसाना व किनौनी चीनी मिलों द्वारा अभी तक इस सत्र का गन्ना भुगतान देना तो शुरू किया ही नहीं है, विगत पेराई सत्र का बकाया भुगतान भी मिलों पर किसानों का रुका हुआ है। मिल के पेराई सत्र को शुरू हुए चार माह हो चुके है, लेकिन अब तक भैसाना व किनौनी चीनी मिलों द्वारा किसानों के गन्ने का भुगतान शुरू नहीं कराया गया है। भैसाना व किनौनी अभी तक पिछले पेराई सत्र का भी 10 मई तक का ही कर पाई है। किसानों ने पंचायत में चेतावनी दी की शीघ्र ही भैसाना व किनौनी चीनी मिलों द्वारा भुगतान न कराया तथा सरकार ने गन्ना भाव में वृद्धि नहीं कराई गई तो शीघ्र ही आंदोलन शुरू करेंगे। इसमें योगेंद्र, कुलदीप, पवेंद्र मुखिया, मोनू, नरेंद्र राठी, बिजेंद्र, मनोज, ऋषिपाल, राजेंद्र, बिजेपाल, पवन राठी, प्रदीप धामा, इंद्रपाल, राजपाल आदि रहे।