Mission 2024: RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी बोले-ऐसी कोई मिठाई न बनी जो..., NDA से जुड़ने की चर्चाओं पर लगाया विराम
रालोद के एनडीए में जाने की चर्चाओं को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने विराम लगा दिया है। हाल ही में राजस्थान में एक कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने रालोद के एनडीए में जाने की अटकलों से पर्दा उठा दिया है।
विस्तार
जयंत चौधरी ने वहां कहा कि मुझे लोग दावत देना चाहते हैं, लेकिन मैं किसान के परिवार से हूं और किसान जिद्दी होता है। मेरे लिए रोटी और चटनी ही दावत की तरह है। इसके बाद जयंत ने कहा कि मिठाई बहुत लोगों को पसंद होती है। लेकिन ऐसी मिठाई कोई नहीं बनी जो लोकदल ने फैसला लिया है, उस मिठाई से बदल जाए।
यह भी पढ़ें: PM मोदी लोकसभा चुनाव से पहले कर सकते हैं मेरठ तक RAPIDX का उद्घाटन, इसी साल तोहफा मिलने की उम्मीद
उन्होंने कहा कि लोकदल का कार्यकर्ता कभी विचलित नहीं होता है और आप विचलित मत होना। लोग खुद ही विश्लेषण करते हैं, जबकि उन विश्लेषण करने वालों से मेरी मुलाकात तक नहीं हुई।
हम जोड़ रहे, वे तोड़ रहे
मुजफ्फरनगर में बच्चे को स्कूल में पिटवाने के वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि गले मिलो, भूल जाओ, लेकिन फिर ऐसा नहीं होगा। इसका कुछ नहीं पता है। वक्त आ गया है कि इन चीजों से मुंह न मोड़ो। कुछ लोग युवाओं को मायाजाल में फंसाकर उनको प्रयोग कर रहे हैं, उनको सही रास्ता दिखाना हमारा काम है।
कहा कि अपने माता-पिता से ज्यादा शिक्षक की बात मानते हैं और उनपर विश्वास करते हैं। लेकिन यहां एक बच्चे को दूसरे बच्चों से पिटवाया जा रहा है। उस परिवार से बात हुई। बच्चे के पिता ने कहा कि हम नहीं चाहते कि हमारे गांव में कोई झगड़ा हो। इससे पता चलता है, जहां इंडिया के घटक दल के विधायक हैं, वहां आज भी ऐसे विचार जिंदा हैं। वह तोड़ने का काम करते हैं और हम जोड़ने का करते हैं।