Murder In Baghpat: गुराना में छोटे भाई की गोली मारकर हत्या, दो भाइयों ने वारदात को दिया अंजाम
बागपत जनपद के गुराना गांव में एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। यहां छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को युवक के ही दो बड़े भाइयों ने अंजाम दिया। सूचना पर पुलिस माैके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर रही है।
विस्तार
बड़ौत के गुराना गांव में शुक्रवार की देर रात दो भाइयों ने अपने सगे छोटे भाई की गोली मार का हत्या कर दी। आरोपी अपने छोटे भाई की शादी से नाराज थे। इसी को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। हत्या की सूचना पर एएसपी समेत अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मृतक यशवीर (32) साल पुत्र ईश्वर गुराना गांव का रहने वाला था। मृतक चार भाई थे। सुखबीर, ओमवीर, उदयवीर व यशवीर। बताया गया है कि चारों भाइयों में से केवल सुखवीर की शादी हुई थी, लेकिन शादी के कुछ साल बाद सुखवीर की मौत हो गई थी।
इसके बाद मृतक सुखबीर की पत्नी रितु की शादी रीतु के परिजनों ने सुखवीर के छोटे भाई यशवीर से कर दी थी। इसी बात को लेकर अन्य दो भाई उदयवीर व ओमवीर अपने छोटे भाई यशवीर से रंजिश रखते थे।
यशवीर दिल्ली में बस ड्राइवर था। शुक्रवार देर रात जब यशवीर दिल्ली से ड्यूटी कर घर आया, तो ओमवीर व उदयवीर ने योजना बनाकर यशवीर की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। हत्या की सूचना पर एएसपी एनपी सिंह व अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।