बड़ा दावा: बागपत से महापंचायत में पहुंचेंगे 20 हजार किसान, पढ़ें- ठीक एक दिन पहले क्या बोले खाप चौधरी व थांबेदार
खाप चौधरियों व थांबेदारों ने दावा किया है कि बागपत जिले से 20 हजार किसान महापंचायत में पहुंचेंगे। खाप चौधरी पिछले कई दिनों से गांव-गांव में लोगों से संपर्क कर महापंचायत में अधिक संख्या में पहुंचने की अपील कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरनगर में होने वाली महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने के लिए किसान नेताओं के साथ ही कई राजनीतिक पार्टियों के नेता और खाप चौधरी व थांबेदार जुटे हैं। यह सभी गांवों में जनसंपर्क कर रहे हैं और किसानों व आम लोगों से महापंचायत में पहुंचने की अपील कर रहे हैं। भाकियू के जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर का दावा है कि जिस तरह से जनसंपर्क चल रहा है, उसको देखते हुए जिले से करीब 20 हजार किसान व अन्य लोग महापंचायत में शामिल होने के लिए जाएंगे। लोगों ने इसके लिए पूरी तैयारी की हुई है और सभी ने अपने निजी वाहन तैयार कर लिए हैं। ढ़िकौली समेत कई गांवों से शनिवार को वाहन में राशन लेकर कुछ किसान मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हुए है। इस तरह ही महापंचायत में किसान केवल शामिल ही नहीं होंगे, बल्कि वहां सहयोग करने के लिए भी पहुंच रहे हैं।
महापंचायत को लेकर यह बोले खाप चौधरी व थांबेदार
देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि मुजफ्फरनगर जाने के लिए रणनीति बनाई गई। हरियाणा के खाप चौधरियों के बाद हमारा भी महापंचायत को पूर्ण समर्थन है।
चौबीसी खाप चौधरी सुभाष चौधरी का कहना है कि महापंचायत को पूर्ण समर्थन है। गांव-गांव जाकर किसानों को एकजुट होकर महापंचायत में शामिल करने के लिए कई दिनों से संपर्क किया जा रहा है।
पंवार खाप चौधरी के चौधरी धर्मवीर सिंह पंवार का कहना है कि पंवार खाप हमेशा किसानों के साथ रही है और आगे भी किसानों को उनका हक दिलाने के लिए प्रयासरत रहेगी।
दांगी खाप चौधरी ओमपाल का कहना है कि आज किसान परेशान व दुखी है। सरकार मनमानी पर उतर गई है। दांगी खाप किसानों के साथ खड़ी है। महांपचायत में दलबल के साथ शिरकत करेगी।
राणा खाप के चौधरी कृषिपाल राणा का कहना है कि महापंचायत केवल किसानों के हित के लिए हो रही है। इसलिए ही राणा खाप किसानों के साथ है।
मूलेजाट खाप चौधरी यामीन चौधरी का कहना है कि आज देश में किसानों की हालत बहुत दयनीय है। किसानों की कोई सुनने वाला नहीं है। महापंचायत में शामिल होकर किसानों की बात सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।
चौहान खाप के चौधरी विवेक चौहान का कहना है कि सरकार ने किसानों को बर्बाद करने के लिए कृषि कानून बनाया है, यह किसानों के हितों में नहीं है। चौहान खाप का महापंचायत को समर्थन है।