बड़ौत। नगर की पट्टी चौधरान में भांडियों वाली मस्जिद के सामने सोमवार देर रात्रि शार्ट सर्किट से विद्युत लाइन में आग लग गई। इस दौरान एक तार टूटकर सड़क किनारे खड़ी कार के ऊपर जा गिरा। इससे कार में आग लग गई। आरोप है कि जानकारी देने के बाद भी ऊर्जा निगम के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुुंचे। इससे आक्रोशित लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
मोहल्लावासियों ने बताया कि बीती रात्रि करीब साढ़े दस बजे शार्ट सर्किट से विद्युत लाइन में आग लग गई। इस दौरान एक तार टूटकर सड़क किनारे खड़ी कार पर गिर गया। इससे कार में आग लग गई। इसके आसपास मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी ऊर्जा निगम के अवर अभियंता व अन्य कर्मचारियों को दी, लेकिन वे मौके पर नहीं पहुुंचे। इस पर लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग को बुझाया। लोगों ने कहा कि गर्मी का मौसम होने के बावजूद ऊर्जा निगम के कर्मचारी गंभीर नहीं हैं। उन्होंने जेई व अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, हंगामा करने वालों में सुनील, प्रमोद, अंकित, सुभाष, नीटू, प्रवीण, अमरदीप व संजीव आदि शामिल रहे।