Baghpat: रेल की पटरी पर दो हिस्सों में कटा मिला किशोर का शव, हत्या की आशंका
रमाला थानाक्षेत्र के जिवानी रेलवे अंडरपास के समीप रेल की पटरी पर एक किशोर का शव दो हिस्सों में कटा मिला। जो भैंसे को चराने के लिए जंगल मे आया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
विस्तार
बागपत जनपद में बुधवार सुबह रेलवे अंडरपास के समीप एक युवक का शव दो हिस्सों में कटा हुआ मिला। सूचना पर जीआरपी व थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। शव की पहचान कराई गई लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
करीमपुर जिवानी गांव का रहने वाला आयान (14) मंगलवार शाम को अपना भैंसा लेकर जंगल में घांस चराने गया था। बताया कि देर रात भैंसा घर पहुंच गया लेकिन आयान घर नहीं पहुंचा। जिसके बाद परिजनो ने आयान की तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कुछ पता नही चल सका। जिसके बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि आयान शाम के समय गांव के ही दो युवकों के साथ रेल की पटरी के पास बैठे हुए देखा था। जिसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
बुधवार सुबह ग्रामीणों को जिवानी रेलवे अंडरपास के पास रेल की पटरी पर आयान का शव दो हिस्सों में कटा हुआ मिला। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में हंगामा किया तो पुलिस ने समझाकर शांत किया।
इस मामले में थाना प्रभारी शिवदत्त का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। इस मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।