UP: आशियाना नहीं छोड़ा तो मर जाएंगे, मकानों में आईं दरारें बयां कर रही लोगों का हाल, मजबूरी में छोड़ रहे घर
Baghpat News : यमुना का पानी अब घरों में घुसना शुरू हो गया है। ऐसे में करीब 10 मकान में डूब गए और 20 से ज्यादा घरों में दरारें आ गईं हैं। अब लोग मजबूरी में अपने आशियाने छोड़ रहे हैं।
विस्तार
यमुना का पानी बागपत की माता कॉलोनी तक पहुंच गया है। कॉलोनी के मकानों में दरारें आनी शुरू हो गई हैं। यमुना खादर में बना हुआ स्कूल और 10 से अधिक मकान डूब गए हैं। इनके अलावा 20 मकानों में दरारें आ गईं हैं। लोग अपने घर छोड़कर किराये के मकान में रहने को मजबूर हैं।
यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जहां यमुना खादर में बनाया गया स्कूल और 10 मकान पानी में डूब गए हैं, वहीं माता कॉलोनी में जलभराव होने से मकानों में दरारें आने लगी हैं।
कॉलोनी के अब्दुल्ला खान मैमोरियल जूनियर हाईस्कूल में जलभराव हो गया है। लोग मकानों को खाली कर दूसरे स्थानों पर रहने के लिए मजबूर हो रहे हैं। माता कॉलोनी के नसरुद्दीन, जमालुद्दीन, रिजवान, अनीश, आश मौहम्मद के घरों में दरारें आ गईं हैं।
चंदायन में चार व दरकावदा में एक मकान गिरा, पांच लोग घायल
मूसलाधार बारिश के चलते चंदायन गांव में चार व दरकावदा गांव में एक मकान गिर गया। इनके मलबे के नीचे दबकर तीन महिलाओं सहित पांच लोग घायल हुए।
बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश से दरकावदा गांव में इरफान पुत्र रमजान का मकान जमींदोज हो गया। मकान के मलबे के नीचे दबकर फातिमा पत्नी रमजान, फरजाना पत्नी इरफान दब गए। जिन्हें ग्रामीणों ने निकालकर सीएचसी पर भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें: गंगा का तटबंध टूटा: मेरठ के 12 गांवों पर आईं आफत, घरों में घुसा पानी, मजबूरी में ग्रामीणों का पलायन शुरू
उधर, चंदायन गांव में पनकेश पुत्र महेंद्र, ओमबीर पुत्र महिपाल, जहीरू पुत्र शहीद, सलीम पुत्र सिजवाल के मकान भी गिर गए। यहां मकानों के नीचे दबकर गीता पत्नी पनकेश, प्रिंस पुत्र पनकेश, शहजाद उर्फ गुल्लू सलीम गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद हादसा: 40 मिनट तक कार में तड़पता रहा परिवार, आपबीती सुन उड़े मंत्री के होश, गांव में पसरा है मातम