आजमगढ़। कंधरापुर थाना के करेंहुआ गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक को साइकिल से आए युवक ने गोली मार दी और फरार हो गया। आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घायल को जिला अस्पताल भेजा, जहां से उसे रेफर कर दिया। जिस पर परिजन उसे जिला मुख्यालय स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराए। वहीं पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है और हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर दो टीम गठित कर दी गई है।
करेंहुआ गांव निवासी देवेंद्र कुमार पुत्र स्व. बनवारी मंगलवार की सुबह पाइप लेने के लिए पैदल ही कहीं जा रहा था। इसी दौरान साइकिल से आए एक युवक ने उसे लक्ष्य कर फायर झोंक दिया। गोली देवेंद्र के पीठ में लगी और वह लहुलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद साइकिल सवार बदमाश मौके से भाग निकला। गोली चलने की आवाज पर गांव के लोग भाग कर मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दिया। सूचना पर कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया। जिस पर परिजन उसे जिला मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट अस्पताल ले जाकर भर्ती कराए है। एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि गोली मारने वाला गांव का ही है और 2019 में दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसका एनसीआर भी थाने में दर्ज है। सीसी टीवी फुटेज, सर्विलांस आदि के माध्यम से घटनाक्रम की जानकारी कर ली गई है। गोली मारने वाले की तलाश में पुलिस की टीम लगा दी गई है। दो टीम गठित की गई है जो दबिश की कवायद में जुटी है।