नारी शक्ति संस्था की ओर से नारी शक्ति डांडिया महोत्सव का आयोजन रविवार को सिधारी स्थित एक होटल में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए आयोजित गया। इसमें महिलाएं देर रात तक थिरकती रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दुर्गा स्वरूप नव कन्या का पूजन एवं आरती, अतिथियों, संस्था सचिव डॉ. पूनम तिवारी एवं अनीता श्रीवास्तव की ओर से शंखनाद कर की गई।
कार्यक्रम के दौरान घड़ा, बेस्ट डांडिया ड्रेस प्रतियोगिता, बेस्ट डांडिया डांस प्रतियोगिता, बेस्ट डांडिया ग्रुप डांस प्रतियोगिता, महिलाओं एवं बालिकाओं की कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता हुई। देवी गीत पर नारी शक्तियों ने नृत्य किया। संस्था सचिव डॉ. पूनम तिवारी ने बताया कि कोरोना काल को देखते हुए इस वर्ष डांडिया महोत्सव का वृहद् आयोजन नहीं किया गया है। केवल संस्था की सदस्य एवं पदाधिकारियों के बीच शारीरिक दूरी का पालन करते हुए कार्यक्रम आयोजित किया गया। मां से प्रार्थना है कि अगले वर्ष सब लोग कुशल मंगल से रहें ताकि इसका वृहद आयोजन किया सके। सबकी मंगल कामना के साथ सभी जनपदवासियों को नवरात्रि एवं दशहरा की हार्दिक बधाई दी गई। अंत में मंडल अध्यक्ष विदुषी अस्थाना ने समस्त नारी शक्तियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर डॉ. मालती मिश्रा, सुनीता सिंह, कंचन मिश्रा, पूनम गौड़, माला द्विवेदी, आराधना मिश्रा, मधुपणिका, तारा मिश्रा, नीतू सिंह, उपमा तिवारी समेत समस्त नारी शक्तियां उपस्थित रहीं। अध्यक्षता डॉ. मनीषा मिश्रा एवं संचालन अंशु अस्थाना ने किया।