यूपी पंचायत चुनाव : आजगमढ़ में परिणाम में घांधली को लेकर बवाल, पथराव में एसओ घायल
पुलिस ने लाठीचार्ज के साथ हवाई फायरिंग कर व आंसू गैस के गोले छोड़ कर भीड़ को खदेड़ा, जीत के बाद हारा घोषित होने पर महाप्रधान प्रत्याशी ने लगाया था जाम
विस्तार
आजमगढ़ में जहानागंज ब्लाक क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य धरवारा की मतगणना में धांधली का आरोप लगाने को लेकर चक्काजाम कर रहे महाप्रधान पद के प्रत्याशी व उसके समर्थक को हिरासत में ले लेने के बाद बवाल बढ़ गया। करीब 3 बजे ग्रामीण ब्लाक मुख्यालय से अपने गांव गोधौरा पहुंच गए और वहीं आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सायं पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें हटाना चाहा तो ग्रामीण उग्र हो गए और पथराव करने लगे जिसमें इंस्पेक्टर मेंहनगर चोटिल हो गए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज के साथ ही हवाई फायरिंग व आंसू गैस के गोले छोड़ कर भीड़ को खदेड़ा। एसपी ने बताया कि घटना में छह पुलिस कर्मी घायल हुए हैं।25 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
जिला पंचायत सदस्य पद के धरवारा सीट की मतगणना के दौरान एक प्रत्याशी कन्हैया कुमार राव को पहले विजयी घोषित किया गया, लेकिन बाद में आरओ ने कविता चौहान को विजयी घोषित कर दिया। मतगणना स्थल पर ही इसका विरोध हुआ, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद कन्हैया कुमार राव ग्रामीणों के साथ घर लौट आए। कन्हैया राव गोधौरा गांव के निवासी है। मंगलवार को गोधौरा गांव के ग्रामीणों व समर्थकों के साथ वे ब्लाक मुख्यालय अपनी शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई।
जिस पर उन्होंने ग्रामीणों के साथ दिन में डेढ़ बजे ब्लाक गेट के सामने आजमगढ़ -गाजीपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। एसडीएम व सीओ सदर ने मौके पर जा कर उनसे वार्ता की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीण उग्र होने लगे तो पुलिस ने प्रत्याशी कन्हैया कुमार राव व सहयोगी रोमी कुमार को हिरासत में लेलिया। इस पर ग्रामीण और भड़क उठे और ब्लाक गेट से गोधौरा गांव पहुंच कर आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पुलिस पहुंची और बल प्रयोग कर ग्रामीणों को हटाने लगी तो ग्रामीण भड़क उठे और पथराव करने लगे। इसमें इंस्पेक्टर मेंहनगर सुनील चंद तिवारी घायल हो गए।
एक सिपाही भाग कर किसी के घर में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया, जबकि ग्रामीणों ने उसे बाहर से घेर लिया। सूचना मुख्यालय पहुंची तो कई थानों की फोर्स के साथ आलाधिकारी भी पहुंच गए। पुलिस व पब्लिक के बीच करीब एक घंटे तक गुरिल्ला युद्ध चला। लाठी चार्ज, हवाई फायरिंग, व आंसू गैस के गोले छोड़ कर ग्रामीणों को खदेड़ा गया तो सिपाही घर से बाहर निकला। इसके बाद तो काफी मशक्कत के बाद पुलिस भीड़ को नियंत्रित कर सकी। गांव में देर शाम तक भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही।
मंत्री के दबाव में परिणाम बदलने का आरोप
प्रत्याशी कन्हैया कुमार व उसके समर्थकों का आरोप है कि मतगणना के दौरान पहले उसे 190 वोट से विजयी घोषित किया गया। इसके बाद प्रदेश के एक मंत्री का फोन आने पर आरओ ने मंत्री की रिश्तेदार व विपक्षी कविता चौहान को 1200 मतों से विजय घोषित कर दिया। हो हल्ला मचाने पर भी मतगणना स्थल पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
बिना मतलब का बवाल किया गया, बवाल करने वाले भीम आर्मी से जुड़े हुए है। 20-25 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इंस्पेक्टर समेत छह पुलिस कर्मी घायल हुए है। पूरे बवाल की वीडियोग्राफी कराई गई है। मुकदमा दर्ज करा कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर माहौल पूरी तरह से शांत है।- सुधीर कुमार सिंह, एसपी, आजमगढ़।
प्रत्याशी को हिरासत में लेने से बढ़ा बवाल
जहानागंज ब्लाक मुख्यालय पर चक्काजाम के दौरान प्रत्याशी कन्हैया कुमार राव व उसके सहयोगी रोमी कुुमार को हिरासत में लेने से ही ग्रामीण भड़क उठे थे। जिसके चलते ही गोधौरा में जाम लगा और ग्रामीण पुलिस बल से भिडऩे को तैयार हो गए।
घरों में जमकर हुई तोडफ़ोड़
बवाल के बाद भारी संख्या में फोर्स गांव में पहुंची जम कर तांडव मचाया। पुलिस कर्मियों ने जहां मौके से 50 से अधिक लोगों को पकड़ लिया वहीं दर्जनों घरों पर लगे टीनशेड, छप्पर आदि को तोडफ़ोड़ कर तहसनहस कर दिया।ं