आजमगढ़। सपा का प्रतिनिधिमण्डल ने मंगलवार को राष्ट्रपति और राज्यपाल को संबोधित कमिश्नर और जिलाधिकारी से मिलकर नौ सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में निवर्तमान जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, विधायक श्री आलमबदी, विधायक नफीस अहमद व पूर्व सांसद बलिहारी बाबू थे।
आरोप लगाया कि इस संकट की घड़ी में अन्य प्रान्तों में रोजी-रोजगार के लिए गए प्रवासी मजदूरों से मानवतापूर्ण व्यवहार नहीं किया गया। उन्हें रहने व खाने-पीने की सुविधाएं सरकार ने नहीं दी। लोग भूखे प्यासे हजारों किमी पैदल चले। विपक्ष की मांग पर किसी तरह पहुंचाने का सरकार ने निर्णय लिया, लेकिन उनसे किराया वसूला गया। यह संवेदनहीनता है। मजदूरों, गरीबों को अनाज के साथ-साथ पांच हजार रुपया भी दिया जाए। गेहूं के क्रय केन्द्रों पर छोटे-मझौले किसानों का गेहूं नहीं लिया जा रहा है। किसान मजबूर होकर औने-पौने दाम पर गेहूं बेचने पर मजबूर हो गया। गन्ना किसानों का भुगतान अभी तक नहीं किया गया। ओलावृष्टि व बारिश से किसानों की फसलों के नुकसान के साथ-साथ तमाम मंडई, छप्पर के घर, टिनशेड आदि ध्वस्त हो गए। फसल के साथ-साथ घर बनवाने के लिए मुआवजा दिया जाए।