Azamgarh News: बाहुबली विधायक रमाकांत यादव के रिश्तेदार रंगेश पर कसा शिकंजा, करोड़ों की संपत्ति कुर्क
आजमगढ़ पुलिस व प्रशासनिक अमले ने माहुल जहरीली शराब कांड में बड़ी कार्रवाई की है।बाहुबली विधायक रमाकांत यादव के भांजे रंगेश यादव की करोड़ों की संपत्ति को कुर्क कर लिया गया।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से एक दिन पहले आजमगढ़ पुलिस व प्रशासनिक अमले ने माहुल जहरीली शराब कांड में बड़ी कार्रवाई की है। उसने बाहुबली विधायक रमाकांत यादव के रिश्तेदार रंगेश यादव की फूलपुर तहसील क्षेत्र में स्थित तीन जमीनों को जिलाधिकारी के आदेश पर जब्त करने की कार्रवाई की। इनकी सर्किल रेट से अनुमानित कीमत 67.14 लाख रुपये है। जबकि बाजार मूल्य ढाई करोड़ रुपये है।
अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल क्षेत्र में गत फरवरी 2022 में जहरीली शराब कांड हुआ था। जिसमें माहुल स्थित देशी शराब की दुकान से बेची गई शराब को पीने से 13 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में विधायक रमाकांत यादव के रिश्तेदार रंगेश यादव निवासी परतहिया थाना खुटहन जिला जौनपुर को मुख्य आरोपी के रूप में पुलिस ने चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया था। उस पर गैंगस्टर के साथ ही रासुका भी लगाया गया है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के अनुसार अतरौलिया एसओ ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए रंगेश की फूलपुर तहसील क्षेत्र के मुस्तफाबाद में 16 अप्रैल 2018 को क्रय की गई 0.021 हेक्टेयर भूमि चिह्नित किया। इसी क्रम में अंबारी में खुद व इंद्रसेन यादव के नाम से 12 जून 2006 को क्रय की गई 0.214 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की जिसमें अभियुक्त का हिस्सा आधा है।
वहीं पूराधन्नी गांव में 19 दिसंबर 2007 को रंगेश ने खुद के नाम से 1.734 हेक्टेयर जमीन क्रय की। इस तरह इन जमीनों की सर्किल रेट के अनुसार अनुमानित कीमत 67.14 लाख रुपये तथा बाजार मूल्य ढाई करोड़ रुपये है।
गैंगस्टर के तहत कार्रवाई के लिए एसओ अतरौलिया की रिपोर्ट 19 जुलाई 2022 को जिलाधिकारी को भेजी गई। जिस पर डीएम ने 24 जुलाई 2022 को जब्तीकरण का आदेश पारित कर दिया। बुधवार को तहसीलदार फूलपुर संजय कुमार के नेतृत्व में अहरौला, फूलपुर समेत अन्य कई थानों के फोर्स की मौजूदगी में डुग्गी पिटवाने के साथ ही तीनों ग्रामों में मौजूद रंगेश यादव की जमीन को जब्त करने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों की टीम ने मौके पर नोटिस बोर्ड भी लगा दिया है।
आजमगढ़ एसपी अनुराग आर्य ने कहा कि रंगेश यादव ने अपराध से अर्जित धन से फूलपुर तहसील क्षेत्र के मुस्तफाबाद, अंबारी व पूराधन्नी गांव में जमीन खरीदी थी। जिसकी सर्किल रेट से अनुमानित कीमत लगभग 67.14 लाख रुपये है। जबकि उसका बाजार मूल्य ढाई करोड़ रुपये आंका गया है। रंगेश के पास कोई वैध आय का साधन भी नहीं है। जिलाधिकारी के आदेश पर बुधवार को रंगेश यादव की जमीनों को तहसीलदार की मौजूदगी में जब्त कर लिया गया