आजमगढ़। एमएसएमई विकास संस्थान वाराणसी, उद्योग विभाग और अन्य विभागों के समंवय से कलेक्ट्रेट परिसर में दो दिवसीय उद्यम समागम में ओडीओपी एवं अन्य उत्पादों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई है। जिसका शुभारंभ शुक्रवार को डीएम नागेंद्र प्रसाद सिंह और सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस प्रदर्शनी में 110 स्टाल लगाए गएये हैं। जिसमें 58 स्टाल एक जनपद एक उत्पाद के तहत प्रदेश सरकार द्वारा चयनित ब्लैक पाटरी निजामाबाद, 10 स्टाल मुबारकपुर साड़ी के और शेष स्टाल कौशल विकास, ग्राम्य विकास, नगर विकास, कृषि, मत्स्य, नियोजन, उद्यान, वस्त्र, आजीविका मिशन, मनरेगा, श्रम, वन, खादी ग्रामोद्योग, आरसेटी और बैंक के लगाए गए हैं। शुभारंभ के बाद डीएम और सीडीओ द्वारा स्टालों का अवलोकन किया गया और उत्पाद के संबंध में जानकारी हासिल की गई। डीएम ने बताया कि इस प्रदर्शनी से आम जनता को नए उत्पाद तथा तकनीकी के बारे में जानकारी प्राप्त होगी। जिसका उपयोग कर लोग उसका लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने आमजनमानस से अपील किया कि इस प्रदर्शनी में उपस्थित होकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों पर नए.नए उत्पादों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर उसका लाभ उठाएं। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में बायर सेलर मीट, उत्पादों के संबंध में विषय विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी सत्र के तहत एक जनपद एक उत्पाद और विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गयी। तकनीकी सत्र में बैंक, आजीविका मिशन, जीएसटी, ग्राम्य विकास विभाग, कृषि, श्रम, उद्योग, एमएसएमई और एनजीओ से संबंधित जानकारी दी गई। इस मौके पर संयुक्त आयुक्त उद्योग रंजन चतुर्वेदी, सहायक आयुक्त उद्योग प्रवीण कुमार मौर्य, डीडीएम नाबार्ड शशि भूषण, हथकरघा सहायक निदेशक अनिल श्रीवास्तव, एमएसएमई सहायक निदेशक राजेश चौधरी, यूबीआई एलडीएम श्याम सुंदर देवगन, डीसी एनआरएलएम बीके मोहन, डीसी मनरेगा बीबी सिंह, डीसी वाणिज्यकर एके बनर्जी, डीडी कृषि डॉ0 आरके मौर्य, भूमि संरक्षण अधिकारी संगम सिंह मौर्य, सामाजिक कार्यकर्ता हिना देशाई आदि उपस्थित रहे।

कलेक्ट्रेट पर उद्यम उद्योग एंव ओडीओपी प्रदर्शनी ब्लैक पाटरी के सामानों को देखते लोग।- फोटो : AZAMGARH