आजमगढ़। नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के लेखा लिपिक और कैशियर रागिब मसूद पर शासकीय पत्रावलियां गायब करने के आरोप के मुकदमा दर्ज किया गया है। ईओ की ओर से दी गई तहरीर में 2017-18 के निर्माण कार्यों से संबंधित पत्रावलियों के गायब होने और अवशेष भुगतान में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है। मुबारकपुर थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार, विधान परिषद में 04 मार्च 2025 को नियम-111 के तहत उठाए गए सवाल के जवाब में निर्माण कार्यों और भुगतान की स्थिति की जांच की गई। रागिब मसूद को 04 मार्च और 26 मार्च 2025 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। रागिब मसूद ने 11 अप्रैल 2025 को आख्या में बताया कि ठेकेदार स्व. दिनेश सिंह के पुत्र अखिलेंद्र सिंह ने लोक निर्माण विभाग से सत्यापन के लिए 12 पत्रावलियां ली थीं, जिनमें से सात वापस की गईं, लेकिन पांच पत्रावलियां वापस नहीं की गईं।
शिकायत में कहा गया कि रागिब मसूद ने शासकीय पत्रावलियों को अनधिकृत रूप से ठेकेदार को सौंपा और उन्हें वापस लेने में विफल रहे, जिससे शासकीय अभिलेख गायब हो गए और भुगतान प्रक्रिया रुक गई। यह कार्य शासकीय प्रपत्रों को क्षति पहुंचाने वाला माना गया है। इस पर रागिब मसूद के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। इस संबंध में ईओ नगर पालिका विनय कुमार मिश्र ने कहा कि उन्होंने मुकदमा दर्ज नहीं कराया है। पत्रावली गायब होना कोई खबर नहीं है।