ठेकमा। मैनपुरी के श्रमायुक्त और ठेकमा के पूर्व खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद ने मंगलवार को ब्लाक क्षेत्र में स्थापित वीर बिरसा मुंडा मानव संसाधन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां उन्होंने मुसहर समाज के बच्चों की क्लास ली। साथ ही उनमें फल, कपड़े, किताब, कॉपी आदि का वितरण किया। साथ ही उन्होंने वहां बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षकों सहित कर्मचारियों से उनकी समस्याओं और केंद्र की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि ब्लाक के सरायमोहन, सद्दोपट्टी, बरदह और सरावां में वीर बिरसा मुंडा संसाधन केंद्र सभी के सहयोग से स्थापित किया गया है। इन केंद्रों के स्थापना का मुख्य उद्देश्य गरीब और मुसहर समाज के बच्चों को अच्छी शिक्षा देना है। उधर केंद्रों पर प्रेमचंद के पहुंचते ही बच्चे उन्हें देख खुशी से चहक उठे और अपनी-अपनी जरूरतों के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों में मिठाई, किताब, कापी के साथ अन्य सामान का वितरण किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि आप लोगों को मेरे रहते किसी भी चीज की कमी नहीं होगी। प्रेमचंद राम ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी का सपना है कि जब तक निचले स्तर से वनवासी मुसहर समाज से नहीं जुड़ेगा, तब तक देश से पूर्ण रूप से गरीबी नहीं जाएगी। यह मेरी छोटी पहल है। इस ज्योति को आगे हम बढ़ाते रहेंगे। उन्होंने समाज के संभ्रात लोगों से निवेदन करते हुए कहा कि आप लोग भी उनका सहयोग करें। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि केंद्रों पर जो भी कमियां हैं उसे जल्द पूरा कर दिया जाएगा।