फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Azamgarh News ›   Holi celebrated with colours and enthusiasm

Azamgarh News: रंगों और उमंग के साथ मनाई गई होली

Fri, 06 Mar 2026 12:30 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Fri, 06 Mar 2026 12:30 AM IST
विज्ञापन
Holi celebrated with colours and enthusiasm
पुलिस लाइन में मातहतों संग होली मनाते एसपी डॉ. अनिल कुमार। श्रोत-पुलिस
आजमगढ़। जिले में होली का पर्व छिटपुट घटनाओं को छोड़ पूरे उत्साह और मस्ती के बीच मनाया गया। रंगों की मस्ती में चूर युवा सुबह से ही सड़कों पर उतर आए और जगह-जगह रंग-गुलाल उड़ाते हुए नाचते-गाते नजर आए। रंगों की बारिश के बीच दोपहर में नगर के पुरानी कोतवाली क्षेत्र में युवाओं ने कपड़ा-फाड़ होली का भी जमकर लुत्फ उठाया। सोमवार की रात होलिका दहन के साथ ही होली का हुड़दंग शुरू हो गया था। मंगलवार को चंद्रग्रहण के कारण लोगों ने रंग खेलने से परहेज किया, लेकिन बुधवार को पूरे दिन शहर और गांवों में होली की धूम रही। शहर के लगभग हर चौराहे और तिराहे पर भोजपुरी होली गीतों और डीजे की धुन पर युवा झूमते नजर आए। कई स्थानों पर मदिरा और भांग के नशे में लोग रंग-गुलाल लगाकर जश्न मनाते दिखे। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में ढोल और मजीरे की थाप पर फगुवा गीतों की गूंज सुनाई देती रही। नगर के मुकेरीगंज, पांडेय बाजार, ब्रह्मस्थान, पुरानी कोतवाली, कटरा, चौक, दलाल घाट, पुरानी सब्जी मंडी, मातबरगंज, एलवल, सिधारी, बेलइसा, हरबंशपुर और सिविल लाइंस समेत कई क्षेत्रों में सुबह से ही होली खेलने वालों की भीड़ जमा हो गई। नाचते-गाते युवा एक-दूसरे को रंग लगाते रहे और जश्न का दौर चलता रहा। सड़कों से गुजरते हुड़दंगियों पर छतों से बच्चे पिचकारी और रंगों की बौछार करते दिखाई दिए। दोपहर होते-होते रंगों की होली कई स्थानों पर कपड़ा-फाड़ होली में बदल गई। पुरानी कोतवाली, कालीनगंज रोड आदि क्षेत्रों में युवाओं ने कपड़ा-फाड़ होली खेली, जहां कई युवक अधनंगे होकर झूमते हुए अपने घरों की ओर लौटते दिखाई दिए। इस दौरान कुछ स्थानों पर आपसी कहासुनी और मारपीट की घटनाएं भी सामने आईं। स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाते हुए शहर में लगातार गश्त करती रहीं। शाम होते ही बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग नए कपड़े पहनकर घरों से बाहर निकले और अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। देर रात तक लोगों का एक-दूसरे के घर जाकर मिलना-जुलना और बधाई देने का सिलसिला चलता रहा।
विज्ञापन


ग्रामीण इलाकों में धूमधाम से मनी होली, उड़े अबीर-गुलाल-आजमगढ़। जिले के ग्रामीण इलाकों में रंगों का पर्व होली उत्साह और उमंग के बीच मनाया गया। जोगीरा और फाग गीतों के बीच लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से शुरू हुआ रंगों का दौर दोपहर तक चलता रहा। शाम को लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली की बधाई दी।मेजवां : फूलपुर कस्बे में होली के अवसर पर कई स्थानों पर मटका फोड़ प्रतियोगिता में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विजयी टीमों को पुरस्कृत किया गया। रानी की सराय : यहां भी होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। देवगांव : क्षेत्र में होली का त्योहार बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। अंबारी : माहुल नगर पंचायत सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी होली धूमधाम से मनाई गई। शिवाजी मेन चौक और शंकर तिराहे पर सुबह करीब आठ बजे से लोग इकट्ठा होने लगे और दोपहर 12 बजे तक जमकर कपड़ा फाड़ होली खेली गई। इसके अलावा अंबारी, दीदारगंज, खानजहांपुर, भेड़िया, गोधना, मैगना, पल्थी और हुब्बीगंज सहित क्षेत्र के सभी बाजारों और गांवों में लोगों ने उत्साह के साथ होली खेली। माहुल के रामलीला मैदान में भाजपा नेता सुजीत जायसवाल ‘ आंसू ’ के नेतृत्व में मटकाफोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई थी।
विज्ञापन



डीआईजी संग डीएम और एसपी ने मातहतों संग उड़ाए अबीर-गुलाल-आजमगढ़। जनपद में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के बाद पुलिस लाइन में बृहस्पतिवार को पारंपरिक रूप से होली उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। होली उत्सव में पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, डीएम रविन्द्र कुमार तथा एसपी डॉ. अनिल कुमार ने भी सहभागिता करते हुए पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ होली खेली। इस अवसर पर सभी अधिकारी व कर्मचारी रंगों में सराबोर नजर आए और आपसी प्रेम, भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान संगीत, लोकगीत और नृत्य का भी आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर माहौल को उल्लासपूर्ण बना दिया। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने भी मातहतों संग ठुमके लगाए और अबीर गुलाल लगाकर मातहतों को होली की शुभकामनाएं दी।

पुलिस लाइन में मातहतों संग होली मनाते एसपी डॉ. अनिल कुमार। श्रोत-पुलिस

पुलिस लाइन में मातहतों संग होली मनाते एसपी डॉ. अनिल कुमार। श्रोत-पुलिस

पुलिस लाइन में मातहतों संग होली मनाते एसपी डॉ. अनिल कुमार। श्रोत-पुलिस

पुलिस लाइन में मातहतों संग होली मनाते एसपी डॉ. अनिल कुमार। श्रोत-पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed