Azamgarh News: लग्जरी कार से कर रहे थे गांजा तस्करी, 70 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
आजमगढ़ में पुलिस ने तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 70 किलो गांजा बरामद किया है। पकड़े गए तस्करों में दो असम व एक गोरखपुर जिले का निवासी है।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना पुलिस को शनिवार की सुबह उस समय बड़ी सफलता हाथ लग गई जब एक लग्जरी कार से पुलिस टीम ने 70 किग्रा गांजा बरामद किया। इसके साथ ही पुलिस ने तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। कार से गांजा के साथ ही अवैध असलहा व चार मोबाइल भी बरामद हुआ। पकड़े गए तस्करों में दो असम व एक गोरखपुर जिले का निवासी है।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि मुबारकपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार सवार भारी मात्रा में गांजा लेकर गोरखपुर की ओर जाने वाले है। इस सूचना पर पुलिस ने अलीनगर चौक पर घेराबंदी कर दिया। कुछ ही देर में एक कार आती हुई दिखाई दी।
पुलिस को देख कार सवार लोग कुछ दूरी पर ही गाड़ी रोक कर भागने लगे। जिन्हें पुलिस ने दौड़ कर पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 70 किग्रा गांजा बरामद हुआ। वहीं एक अवैध असलहा व चार मोबाइल भी पुलिस ने बरामद किया है। पकड़े गए पशु तस्करों में एक गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के अटौली गांव निवासी सौरभ प्रताप सिंह के अलावा दो असम राज्य के उदालगुड़ी निवासी गौतम दास व दइतुन नारजारी बताए गए है।
पकड़े गए गांजा तस्करों ने बताया कि वे असम से गांजा लाकर पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते है। गिरफ्तारी के दौरान वे सात पैकटों में रखा गांजा सठियांव के रास्ते मऊ जनपद के एक व्यापारी को सप्लाई करने जा रहे थे। एसपी सिटी ने बताया कि इस बड़ी सफलता में मुबारकपुर पुलिस के साथ ही स्वाट टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है।