{"_id":"5b956379867a557f6e537f64","slug":"131536516985-azamgarh-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुलिस की एकपक्षीय कार्रवाई से सभासदों में रोष","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
पुलिस की एकपक्षीय कार्रवाई से सभासदों में रोष
Updated Sun, 09 Sep 2018 11:46 PM IST
विज्ञापन
अंबारी/अहरौला। माहुल नगर पंचायत में हो रहे घटिया निर्माण को रोके जाने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब स्थानीय पुलिस ने इस मामले में आग में घी डालने का कार्य किया है। क्योंकि आरोप प्रत्यारोप के बीच नगर पंचायत अध्यक्ष और सभासदों के द्वारा एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई थी। पुलिस ने अध्यक्ष की तहरीर पर सभासदों के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया लेकिन सभासदों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया। इस बात को लेकर सभासदों में रोष व्याप्त है। बताते चलें कि गुरुवार को नगर पंचायत माहुल में हो रहे नाली निर्माण और इंटर लाकिंग कार्य को सभासदों ने रुकवा दिया था। सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अध्यक्ष बदरे आलम द्वारा पुरानी ईंटों से नाली का निर्माण मानक के विपरीत कराया जा रहा है। सभासद पति प्रहलाद राम और खालिद का आरोप है कि कि जब घटिया निर्माण की शिकायत हमने नगर पंचायत अध्यक्ष बदरे आलम से किया तो नगर पंचायत अध्यक्ष और उनके भाई ने गाली गलौज के साथ जातिसूचक शब्द से संबोधित करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शनिवार को दोनों लोगों की तरफ से थाने में तहरीर दी गई। लेकिन पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष बदरे आलम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया लेकिन सभासदों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया। जिससे सभासदों में रोष व्याप्त है। सभासदों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि जब दोनों लोगों की तरफ से तहरीर पुलिस को शनिवार को ही दी गई लेकिन पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष के दबाव में आकर मुकदमा दर्ज कर लिया और सभासदों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया है। सभासदों ने कहा इसके लिए जो भी लड़ाई लड़नी पड़ेगी वह लड़ने के लिए तैयार हैं लेकिन घटिया काम किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे। बुढनपुर सीओ रामजन्म का कहना है कि नगर पंचायत अध्यक्ष बदरे आलम की तहरीर पर दो सभासदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन