आजमगढ़: परिवार से घुला-मिला था, घर में घुसकर चुरा लिए 30 लाख के जेवरात
आजमगढ़ के बनगांव में परिवार से घुला-मिला युवक घर से करीब 30 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ले गया था। पुलिस ने उसे जौनपुर जाते समय गिरफ्तार कर चोरी के आभूषण बरामद कर लिए।
विस्तार
आजमगढ़ में परिवार से जान-पहचान का फायदा उठाकर घर में रखे करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले आरोपी को दीदारगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घर में आता-जाता था और परिवार के सदस्यों से घुला-मिला था। इसी का फायदा उठाकर उसने छठ पर्व के दौरान घर में घुसकर बक्से का ताला तोड़ा और आभूषण चोरी कर लिए थे। बुधवार को पुलिस ने उसे सोंगर पुलिया, ग्राम भादो के पास गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी के सभी जेवरात बरामद किए गए हैं। आरोपी इन्हें बेचने के लिए जौनपुर जा रहा था।
छठ पर्व के दौरान की थी चोरी
दीदारगंज थाना क्षेत्र के बनगांव निवासी अरविंद जायसवाल ने 17 नवंबर को पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि 15 नवंबर की रात अज्ञात चोर ने उनके घर में रखे बक्से का ताला तोड़कर कीमती सामान और जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
परिवार से घुला-मिला होने का उठाया फायदा
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे गिरफ्तारी अभियान के तहत बुधवार को दीदारगंज पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने सोंगर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान सफेद कार से जा रहे अशोक कुमार यादव (40) निवासी बनगांव को सुबह 11:51 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वादी के घर आता-जाता था और परिवार के सदस्यों से उसकी अच्छी जान-पहचान थी। उसे घर में रखे सामान की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने छठ पर्व के दौरान घर में घुसकर बक्से का ताला तोड़ा और जेवरात चोरी कर लिए।
सोने-चांदी के सभी आभूषण बरामद
सीओ फूलपुर भूपेश कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इनमें सोने की चेन, अंगूठियां, चूड़ियां, करधनी, माला, मांग टीका, नथिया, कान के फूल और टॉप्स शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की पायल और करधनी भी बरामद हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
