यातायात माह: आजमगढ़ में बिना नंबर प्लेट के मिले 200 वाहन सीज, एएसपी ने लोगों को पहनाया हेलमेट; बोले- सुधर जाइए
Azamgarh News: आजमगढ़ में यातायात पुलिस ने लोगों से सड़क नियमों के पालन करने की अपील की। बिना हेलमेट के चल रहे लोगों को नियमों की जानकारी दी। उन्हें हेलमेट भी पहनाए।
विस्तार
यातायात अनुशासन और सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आजमगढ़ पुलिस ने वाहन पर नंबर नहीं, तो सड़क पर वाहन नहीं... अभियान के तहत सख्त कार्रवाई शुरू की है। इसके क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 200 वाहनों को सीज किया।
एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, एएसपी यातायात विवेक त्रिपाठी एवं सीओ यातायात शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में 'यातायात माह 2025' के अंतर्गत यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
यातायात पुलिस कभी किन्नरों के जरिए लोगों को हेलमेट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक कर ही है। तो दूसरी तरफ उसकी ओर से बिना हेलमेट के सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहन चालकों में हेलमेट का वितरण कर उनसे हेलमेट लगाने की अपील कर रही है। वहीं उसके द्वारा बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है। यातायात माह के तहत चार दिनों में पुलिस ने बिना नंबर प्लेट के चलते मिले 200 वाहनों को सीज किया है।
सुधर जाने की अपील
सीओ शुभम तोदी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों में यातायात अनुशासन की भावना विकसित करना और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर स्पष्ट नंबर प्लेट लगाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सुगम यातायात व्यवस्था बनी रहे। इसी क्रम में बुधवार को सीओ यातायात शुभम तोदी ने काली चौरा तिराहे पर बिना हेलमेट फर्राटा भरने वाले 12 लोगों में हेलमेट का वितरण किया गया।