यूपी: राम मंदिर परिसर की बाउंड्रीवॉल निर्माण की निगरानी तेज, दिल्ली से पहुंची ईआईएल की टीम; बढ़ाई निगरानी
राम मंदिर परिसर की सुरक्षा दीवार के निर्माण की निगरानी तेज कर दी गई है। दिल्ली से ईआईएल के केंद्रीय अधिकारी अयोध्या पहुंचे और निर्माण व सुरक्षा उपकरणों की समीक्षा की। करीब 3400 मीटर लंबी दीवार का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
विस्तार
राम मंदिर परिसर की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए बनाई जा रही बाउंड्रीवॉल के निर्माण की निगरानी अब केंद्रीय स्तर पर भी तेज हो गई है। राम मंदिर निर्माण समिति की दूसरे दिन की बैठक में दिल्ली स्थित इंडिया इंजीनियर्स लिमिटेड (ईआईएल) के केंद्रीय मुख्यालय के अधिकारी पहुंचे। ईआईएल राम मंदिर परिसर की सुरक्षा दीवार का निर्माण करा रही है। बैठक में दीवार के निर्माण की प्रगति के साथ सुरक्षा उपकरणों की स्थापना को लेकर भी समीक्षा की गई।
राम मंदिर परिसर के चारों ओर करीब 3400 मीटर लंबी और 16 फीट ऊंची बाउंड्रीवॉल बनाई जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण इस दीवार को आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस किया जाएगा। निर्माण समिति की बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जहां-जहां दीवार का निर्माण पूरा हो रहा है, वहां सुरक्षा उपकरण लगाने का काम भी समानांतर रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।
50 फीसदी निर्माण पूरा
अब तक बाउंड्रीवॉल का करीब 50 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है। निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने काम की गति और बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। दीवार का निर्माण मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ईआईएल के केंद्रीय अधिकारियों के पहुंचने को निर्माण की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में यूपीआरएनएन के इंजीनियरों ने भी मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। ऑडिटोरियम और ट्रस्ट कार्यालय के निर्माण की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में राम मंदिर के मुख्य अभियंता जगदीश आफले समेत विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के इंजीनियर मौजूद रहे।
मंगलवार को होगी संग्रहालय की समीक्षा
निर्माण समिति की बैठक के अगले चरण में मंगलवार को रामकथा संग्रहालय के निर्माण कार्यों की समीक्षा होगी। निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र संग्रहालय से जुड़े कार्यों की प्रगति देखेंगे। इस बैठक में राम मंदिर के नवनियुक्त सीईओ एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र के भी शामिल होने की संभावना है।