Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ayodhya News ›   Saryu-Kamala Express inauguration run from Ayodhya to Janakpur in Nepal

अयोध्या: सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ, पीएम मोदी ने नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ के पैकेज का किया एलान

Mon, 23 Nov 2026 01:53 PM IST
Bhupendra Singh अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या
अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या Published by: Bhupendra Singh Updated Mon, 23 Nov 2026 01:53 PM IST
सार

अयोध्या धाम से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ हुआ। पीएम नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह ने वर्चुअल हरी झंडी दिखाई। जबकि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल हुए। आगे पढ़ें पूरा अपडेट...

विज्ञापन
Saryu-Kamala Express inauguration run from Ayodhya to Janakpur in Nepal
पीएम मोदी - फोटो : PTI

विस्तार

भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच अब सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का सोमवार को शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे। इससे पहले उन्होंने रामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। 

विज्ञापन




इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और नेपाल के रिश्तों को नई ऊंचाई देने का संकल्प दोहराते हुए नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अटूट विश्वास, साझा संस्कृति और आत्मीयता का रिश्ता है। दोनों देश एक-दूसरे की खुशियों में सहभागी हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा बनते हैं।
विज्ञापन


अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की दूरदर्शिता और उनके विजन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ घंटों की बातचीत में उन्हें नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर बालेंद्र शाह के स्पष्ट विजन और प्रतिबद्धता की झलक देखने को मिली है। उनका विजन नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का पैकेज

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नेपाल के लिए भारत गहरी संवेदना रखता है। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों के जीवन को फिर से पटरी पर लाना और वहां के दीर्घकालिक विकास को मजबूती देना भारत का संकल्प है। इसी दिशा में 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का विकास सहयोग पैकेज दिया जाएगा।


उन्होंने कहा कि भारत का प्रयास होगा कि प्रभावित परिवारों के जीवन में फिर से खुशहाली लौटे, नए अवसर पैदा हों और भविष्य में आने वाली आपदाओं से निपटने के लिए नेपाल की क्षमता भी मजबूत हो।

राम-जानकी की आस्था को जोड़ रही सरयू-कमला एक्सप्रेस

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि भारत और नेपाल के संबंधों का आधार इतिहास, संस्कृति और लोगों के बीच गहरे आत्मीय रिश्ते हैं। भगवान श्रीराम और माता सीता दोनों देशों की साझा आस्था और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए देश-दुनिया से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उनके अनुसार, अब तक करीब 30 करोड़ श्रद्धालुओं ने अयोध्या की यात्रा की है। सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ से इस पवित्र रिश्ते को नया आयाम मिल रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल दोनों देशों के बीच आस्था से जुड़े पवित्र स्थलों की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगे। अयोध्या और जनकपुर के बीच शुरू हुई यह रेल सेवा धार्मिक पर्यटन के साथ दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क को भी बढ़ाएगी।

उत्तराखंड और नेपाल के बीच चेकपोस्ट का काम होगा तेज

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड और नेपाल के बीच इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट का काम भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार और लोगों की आवाजाही अधिक सुविधाजनक होगी।

उन्होंने कहा कि बिहार, उत्तर प्रदेश और भारत के अन्य राज्यों को नेपाल से जोड़ने वाली सड़क, रेल और सीमा कनेक्टिविटी परियोजनाओं को भी नई गति दी जाएगी। व्यापार को आसान बनाने के लिए आवश्यक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जाएगा।

जलविद्युत परियोजनाओं में सहयोग बढ़ाएगा भारत

पीएम मोदी ने नेपाल की नदियों में स्वच्छ ऊर्जा की अपार संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की विशाल ऊर्जा जरूरतें नेपाल की आर्थिक प्रगति का आधार बन सकती हैं। उन्होंने लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना को समय पर पूरा करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने कहा कि दोनों देश ऊर्जा सहयोग को आगे बढ़ाने के साथ नेपाल में कृषि और औद्योगिक विकास के लिए भी मिलकर काम करेंगे। नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की दिशा में भी सहयोग किया जाएगा।

मिलकर लिखेंगे भारत-नेपाल संबंधों का नया अध्याय

प्रधानमंत्री ने कहा कि नेपाल के पास विकास के लिए सामर्थ्य है और भगवान बुद्ध का आशीर्वाद भी। भारत और नेपाल मिलकर अपनी चुनौतियों को उपलब्धियों में बदल सकते हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर व्यापारिक कनेक्टिविटी, निवेश, ऊर्जा सहयोग और बुनियादी ढांचे के विकास से नेपाल की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। संबोधन के अंत में उन्होंने भारत-नेपाल मैत्री अमर रहे का उद्घोष करते हुए दोनों देशों के संबंधों का नया सुनहरा अध्याय लिखने का संकल्प दोहराया।
 

Trending Videos

Saryu-Kamala Express inauguration run from Ayodhya to Janakpur in Nepal
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ भारत और नेपाल के हजारों साल पुराने सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक रिश्तों को नई मजबूती देगा। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सीएम ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करते हुए कहा कि अयोध्या और मिथिला की दो संस्कृतियों का पौराणिक मिलन फिर से जीवंत हो रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता आस्था, आत्मीयता और साझा विरासत का है। इसे रोटी-बेटी का संबंध कहा जाता है। अयोध्या के लोग आज भी जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं और मिथिला के लोग भगवान श्रीराम को पाहुन के रूप में सम्मान देते हैं। विवाह पंचमी पर जनकपुर में होने वाला राम-जानकी विवाह उत्सव इस रिश्ते की जीवंत मिसाल है।

सीएम ने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस से उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल व्यवसाय और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। ट्रेन के रास्ते में पड़ने वाले 10 महत्वपूर्ण मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव से सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत-नेपाल संबंधों को सड़क, राजमार्ग और रेल संपर्क के माध्यम से नई दिशा मिल रही है। अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर तक श्रीराम-जानकी मार्ग भी आकार ले रहा है। उन्होंने भारत-नेपाल के नागरिकों को बधाई देते हुए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और केंद्रीय रेल मंत्री का भी आभार जताया।

राम की नगरी से जनकपुर धाम तक सीधा सफर

सरयू-कमला एक्सप्रेस के संचालन से अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन दोनों देशों के श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को आसान बनाएगी। इस रेल सेवा से यात्रियों को बीच में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी।

रामायण सर्किट को मिलेगी नई कनेक्टिविटी

अयोध्या और जनकपुर धाम का संबंध धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि नेपाल का जनकपुर धाम माता जानकी की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। ऐसे में दोनों धार्मिक स्थलों को सीधी रेल सेवा से जोड़ना रामायण सर्किट के पर्यटन को भी बढ़ावा दे सकता है।

इस पहल से भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं के साथ दोनों देशों के यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

Saryu-Kamala Express inauguration run from Ayodhya to Janakpur in Nepal
अयोध्या धाम पर सरयू-कमला एक्सप्रेस। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।

28 नवंबर से आम यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी ट्रेन

सरयू-कमला एक्सप्रेस का औपचारिक शुभारंभ आज यानी 23 नवंबर को हुआ। वहीं, 28 नवंबर से आम यात्रियों के लिए इस रेल सेवा का संचालन शुरू होने की जानकारी है। यह साप्ताहिक ट्रेन होगी और अयोध्या से जनकपुर धाम तक का सफर लगभग 19 घंटे में पूरा करेगी। इस रेल सेवा को भारत और नेपाल के बीच संपर्क, धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed