{"_id":"6ac3b4f47488038b9b0d7575","slug":"ayodhya-rise-in-pilgrims-during-pitru-paksha-donations-at-ram-mandir-also-increase-2026-10-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"अयोध्या: पितृपक्ष में बढ़े श्रद्धालु, राम मंदिर में दान भी बढ़ा, तीन दिनों में तीन लाख से अधिक लोग पहुंचे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अयोध्या: पितृपक्ष में बढ़े श्रद्धालु, राम मंदिर में दान भी बढ़ा, तीन दिनों में तीन लाख से अधिक लोग पहुंचे
Mon, 05 Oct 2026 08:02 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya
अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या
अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या
Published by: Ishwar Ashish Bhartiya
Updated Mon, 05 Oct 2026 08:02 PM IST
सार
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ मंदिर में दान और चढ़ावे में भी तेजी आई है। पितृपक्ष से शुरू हुई श्रद्धालुओं की बढ़ोतरी अब शारदीय नवरात्रि, दशहरा और दीपोत्सव की ओर बढ़ते हुए और तेज होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
अयोध्या में हर रोज आ रहे एक लाख श्रद्धालु।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
पितृपक्ष में अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। रामलला के दर्शन के लिए रोजाना करीब एक लाख श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बीते तीन दिनों में ही तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन किए हैं। पिछले महीने रोजाना 60 से 70 हजार के आसपास रहने वाली श्रद्धालुओं की संख्या अब बढ़कर करीब एक लाख पहुंच गई है।
विज्ञापन
देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ मंदिर में दान और चढ़ावे में भी तेजी आई है। पितृपक्ष से शुरू हुई श्रद्धालुओं की बढ़ोतरी अब शारदीय नवरात्रि, दशहरा और दीपोत्सव की ओर बढ़ते हुए और तेज होने की उम्मीद है। रामपथ से लेकर राम जन्मभूमि परिसर और प्रमुख मंदिरों तक श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आने लगी है।
विज्ञापन
30 से 50 लोगों के समूह में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक है। बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश के अलावा कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश से भी बड़ी संख्या में जत्थे पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन
दो अक्तूबर को राम मंदिर में 1.14 लाख, तीन अक्तूबर को 1.04 लाख और चार अक्तूबर को 93 हजार श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। मलयेशिया के 25, कनाडा के छह समेत करीब 70 विदेशी श्रद्धालुओं ने भी रामलला के दर्शन किए। अलग-अलग राज्यों से आए श्रद्धालु अपने क्षेत्रीय भाषाओं में भजन गा रहे हैं। स्पीकर पर बज रहे भक्ति संगीत से रामपथ का माहौल उत्सव जैसा नजर आ रहा है।
दान में फिर बढ़ी बड़े नोटों की संख्या
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना के बाद दान में कमी आई थी। बड़े नोटों से दान करने वालों की संख्या काफी कम हो गई थी, जबकि 10, 20 और 50 रुपये के नोटों की संख्या बढ़ गई थी। 20 सितंबर से दो अक्तूबर के बीच विभिन्न माध्यमों से रामलला को करीब 1.20 करोड़ रुपये का दान प्राप्त हुआ है। चढ़ावा चोरी के बाद दान घटकर रोजाना चार से पांच लाख रुपये तक पहुंच गया था। अब रोजाना 20 लाख रुपये से अधिक का दान आ रहा है।
दर्शन के साथ खरीदारी भी बढ़ी
श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने का असर मंदिर में दान-चढ़ावे के साथ अयोध्या के कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है। प्रसाद, फूल-माला, रामनामी वस्त्र, धार्मिक पुस्तकों और खिलौनों की दुकानों पर ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। होटल, धर्मशाला, होमस्टे, रेस्टोरेंट, ऑटो और ई-रिक्शा संचालकों को भी बढ़ी भीड़ का फायदा मिल रहा है।