{"_id":"6ab13b555473d852f806f410","slug":"ayodhya-ceo-to-be-present-at-ram-mandir-complex-from-9-am-to-9-pm-2026-09-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"अयोध्या: सुबह नौ से रात नौ बजे तक राम मंदिर परिसर में रहेंगे सीईओ, कर्मियों से बैठक कर जानी व्यवस्थाएं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अयोध्या: सुबह नौ से रात नौ बजे तक राम मंदिर परिसर में रहेंगे सीईओ, कर्मियों से बैठक कर जानी व्यवस्थाएं
Mon, 21 Sep 2026 07:53 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya
अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या
अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या
Published by: Ishwar Ashish Bhartiya
Updated Mon, 21 Sep 2026 07:53 PM IST
सार
एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा को सितंबर की शुरुआत में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला सीईओ नियुक्त किया गया था। अयोध्या में उनकी नियमित मौजूदगी के साथ ट्रस्ट की प्रशासनिक और संचालन व्यवस्था की निगरानी अब मौके से होगी।
विज्ञापन
अयोध्या पहुंचे सीईओ जितेंद्र मिश्र।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त सीईओ एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा सोमवार को अयोध्या पहुंचे। 11 दिन बाद अयोध्या लौटे सीईओ ने राम मंदिर परिसर पहुंचकर कामकाज संभाल लिया। अब वह नियमित रूप से अयोध्या में रहकर मंदिर की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की मौके से मॉनिटरिंग करेंगे। उनका ड्यूटी चार्ट तय कर दिया गया है। वह सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक करीब 12 घंटे मंदिर परिसर में रहेंगे।
विज्ञापन
राम मंदिर परिसर पहुंचने के बाद सीईओ ने मंदिर की व्यवस्थाओं से जुड़े कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अलग-अलग व्यवस्थाओं में तैनात कर्मियों की जिम्मेदारियां जानीं और मौजूदा व्यवस्था को समझा। इसके बाद राम मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी मदन मोहन पांडेय और सचिव जगदीश आफले के साथ भी बैठक की। पहले दिन सीईओ ने मंदिर की यज्ञशाला, प्रसाद व्यवस्था समेत श्रद्धालुओं से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें - एपल मैनेजर हत्याकांड: दोषी सिपाही प्रशांत चौधरी को दस साल की सजा, पत्नी कल्पना फैसले से नहीं थी संतुष्ट
विज्ञापन
ये भी पढ़ें - आयकर वसूली में गिरफ्तारी का नियम खत्म, प्रदेश के 93 लाख लोगों पर सीधा असर; जाने नए अपडेट
इसके अलावा मंदिर परिसर में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रहे कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी भूमिका और कामकाज को समझा। एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा को सितंबर की शुरुआत में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला सीईओ नियुक्त किया गया था। अयोध्या में उनकी नियमित मौजूदगी के साथ ट्रस्ट की प्रशासनिक और संचालन व्यवस्था की निगरानी अब मौके से होगी।
पीएफसी सेंटर में तैयार हुआ कार्यालय
नए सीईओ के लिए राम मंदिर परिसर स्थित पीएफसी सेंटर में कार्यालय तैयार किया गया है। अब यहीं से वह मंदिर की व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे और संबंधित अधिकारियों व एजेंसियों के साथ समन्वय करेंगे। अयोध्या में नियमित मौजूदगी के दौरान मंदिर की व्यवस्थाओं से जुड़े फैसलों के क्रियान्वयन की मौके पर निगरानी भी की जा सकेगी। सीईओ के सामने राम मंदिर में प्रतिदिन पहुंचने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को व्यवस्थित करना प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल होगा। दर्शन व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुविधाएं, सुरक्षा और मंदिर परिसर से जुड़े विभिन्न कार्यों की नियमित समीक्षा उनकी जिम्मेदारी होगी।