कंचौसी (औरैया)। जब तक भ्रष्टाचार व अमीर-गरीब के बीच खाई खत्म नहीं होगी, देश की तरक्की संभव नहीं है। राष्ट्रीय व्यापारी पार्टी इसे खत्म करने की दिशा में काम कर रही है। यह बात पार्टी के युवा इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मनोज पोरवाल ने कही। वह सोमवार को कस्बा कंचौसी में नगर अध्यक्ष शिवम यादव के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के चलते अमीर व गरीब के बीच दूरी बढ़ रही है।
डॉ. मनोज पोरवाल ने कहा कि गरीब मजदूरों, किसानों, असहाय व्यापारियों, दलितों, शोषित, वंचितों व समाज के हर वर्ग को मूलभूत सुविधाएं व उनके अधिकार दिलाने के लिए राष्ट्रीय व्यापारी पार्टी लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि पार्टी आने वाले निकाय एवं पंचायत चुनाव के साथ ही विधानसभा व लोकसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारेगी। राष्ट्रीय व्यापारी पार्टी का देश के ज्यादातर प्रांतों में गठन हो चुका है।
पार्टी के कानपुर मंडल उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि राष्ट्रीय व्यापारी पार्टी का गठन गरीबी, भुखमरी, अशिक्षा को दूर करने के लिए हुआ है। इस दौरान पार्टी के जिला उपाध्यक्ष बबलू पंडित के अलावा डॉ. सुभाष गुप्ता, सुनील भदौरिया, सुरेंद्र सिंह व मयंक सविता आदि मौजूद रहे।