Auraiya Fire: शार्ट सर्किट से घर में लगी आग, झोपड़ी और गृहस्थी जलकर राख, लेखपाल ने किया मुआयना
सूचना मिलने पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल स्वदेश श्रीवास्तव ने मौका मुआयना किया। नुकसान का आकलन करते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया।
विस्तार
औरैया जिले में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव बहादुरपुर ऊंचा में गुरुवार की दोपहर सीलिंग फैन में शार्ट सर्किट होने से घर में रखी झोपड़ी में आग लग गई। जब तक गृहस्वामी व पड़ोसी कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप ले लिया और झोपड़ी के साथ घर को जलाकर राख कर दिया।
आग लगने से एक दिव्यांग के अलावा आंगन में बंधी भैंस झुलस गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने गांव के लोगों की मदद से एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बहादुरपुर ऊंचा निवासी सिंटू पुत्र स्व. राम सिंह दोहरे दिव्यांग है।
बताया कि गुरुवार की दोपहर घर में लोग आराम कर रहे थे। पास में सीलिंग फैन चल रहा था। उसी में अचानक हुए शार्ट सर्किट से छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घर में रखा गृहस्थी का सामान धूंधूकर जलने लगा।
धुंआ उठता देख गांव के लोग सिंटू के घर की ओर दौड़े। आग काबू न होती देख ग्रामीणों ने फायर बिग्रेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान घर में फंसे दिव्यांग सिंटू को निकालने पंहुचा प्रिवेंद्र पुत्र फूल सिंह दोहरे भी मामूली झुलस गया।
घर में सिंटू अपनी मां विमला देवी के साथ रहता था। सिंटू के दो और नाबालिग छोटे भाई है। विमला देवी मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करती है। झुलसे सिंटू को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल स्वदेश श्रीवास्तव ने मौका मुआयना किया।