कंचौसी (औरैया)। रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के दायरे में आ रही किसानों की भूमि संबंधित मुआवजे पर चर्चा के लिए सोमवार को बैठक हुई। इसमें अकबरपुर सांसद और कानपुर देहात के अधिकारियों ने किसानों से बात कर उनकी समस्या सुनी। अधिकारियों का कहना है कृषि भूमि का आवासीय दर से भुगतान की किसानों की मांग पर विचार किया जा रहा है।
सोमवार को कंचौसी स्थित महाविद्यालय में मुआवजा भुगतान पर मंथन के लिए हुई बैठक में अकबरपुर सांसद सांसद देवेंद्र सिंह भोले, एडीएम साहब लाल, एसडीएम डेरापुर रिषी राजवंशी, ब्रिज कार्पोरेशन के चीफ राकेश कुमार ने किसानों की बात सुनी। किसानों ने एक साल पहले लिए गए सहमति पत्र के अनुसार भूमि के आवासीय रेट से भुगतान की मांग की। उन्होंने कहा कि भूमि का काफी हिस्सा ओवरब्रिज और उससे जुड़े रोड से प्रभावित हो रहा है। अधिकारियों ने कहा कि किसानों की मांग से शासन को अवगत कराया गया है।