औरैया। दिबियापुर थाना पुलिस ने ऑटो में सवारियों से टप्पेबाजी करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से जेवर व तीन तमंचे बरामद किए हैं। दो साथी फरार हैं, उनकी तलाश जारी है।
सोमवार को सदर कोतवाली में वार्ता के दौरान एसपी अपर्णा गौतम ने बताया कि ऊंचा थाना अजीतमल निवासी टप्पेबाज सोनवीर, कसबा फफूंद के मोहल्ला कटरा मनेपुर निवासी खेमराज, गांव किशनपुर अजीतमल निवासी अंकित और दीपांशु को पकड़ा गया है। ये लोग सवारियों को ऑटो में बैठाकर टप्पेबाजी करते थे। दो टप्पेबाज गांव बहादुरपुर ऊंचा निवासी बबलू व गांव मिश्रीपुर निवासी हिम्मत सिंह की पुलिस को तलाश है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पुलिस ने तीन तमंचे, छह कारतूस व ऑटो बरामद किया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ऑटो सवार दंपति से जेवरों की टप्पेबाजी हुई थी। घर पहुंचने पर उन्हें बैग की चेन कटी मिली थी।