अछल्दा। थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग गांवों में खेत में फसल अवशेष में आग लग गई। आग की लपटें देख ग्रामीण दौड़ पड़े। वहीं सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों की मदद से मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग से 32 बीघा खेत में गेहूं का अवशेष जल गया। इससे किसानों का नुकसान हुआ है।
गांव छछूंद का मजरा नगला दीन में दोपहर करीब 12 बजे खेतों में अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पड़ोसी गांव गपकापुर तक पहुंच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि पास जाना भी मुश्किल हो रहा था। बाद में ग्रामीणों की सूचना पर थाना पुलिस व दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
आग से गांव नगला दीन निवासी राजीव की सात बीघा, रामप्रकाश व रमेश की चार-चार व गांव गपकापुर निवासी गजेंद्र सिंह की पांच, रामप्रकाश की तीन, सुरेश कुमार की तीन, राधेश्याम की दो, लक्ष्मण सिंह की चार बीघा में खड़ा गेहूं का सफल अवशेष जलकर राख हो गया। जानकारी पर लेखपाल विकास बाबू घटनास्थल पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेश चंद ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया था। लेखपाल को सूचना दे दी गई थी।