असलहा व्यापारी आत्महत्या मामला: प्रताड़ित कर घर रजिस्ट्री कराने वाले मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पांच अब भी फरार
बलिया के असलहा कारोबारी नंदलाल ने सूदखोरों की प्रताड़ना से भयभीत होकर एक फरवरी को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस अब तक सात आरोपियों सहित 8 को गिरफ्तार कर चुकी है।
विस्तार
बलिया के बहुचर्चित असलहा व्यापारी आत्महत्या मामले में पुलिस ने गुरुवार को मुख्य आरोपी हनुमान सिंह और शैलेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब तक सात आरोपियों सहित 8 को गिरफ्तार कर चुकी है। कानपुर के दो असलहा व्यापारी सहित पांच आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
सदर कोतवाली के मालगोदाम स्टेशन रोड निवासी असलहा कारोबारी नंदलाल ने सूदखोरों की प्रताड़ना से भयभीत होकर एक फरवरी को तीन मंजिला भवन की रजिस्ट्री करने के बाद गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पत्नी मोनी देवी की तहरीर पर पुलिस ने कानपुर के दो असलहा कारोबारी सहित 14 नामजद और पांच अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था।
एसपी ने सभी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की थी। बुधवार को तीन आरोपी अजय सिंघाल, पूना सिंह व आलोक सिंह को रसड़ा के सिधागर घाट से गिरफ्तार किया। उसके 20 घंटे बाद दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार को गड़वार तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। दोनों का मेडिकल करने के बाद न्यायालय भेजा जहां से जेल भेज दिया गया।
असलहा व्यापारी नंदलाल के परिजनों से मिले सपा सुप्रीमो
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नेता विरोधी दल अखिलेश यादव ने गुरुवार असलहा व्यापारी नंदलाल के घर पहुंच श्रद्धांजलि अर्पित की। उसके बाद परिजनों से मिले। इस दौरान व्यापारियों और समर्थकों की काफी भीड़ रही। अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा में इस घटना को प्रमुखता से उठाएंगे ताकि आगे किसी व्यापारी के बेटे को आत्महत्या करने को मजबूर होना न पड़े। उन्होंने कहा कि भाजपा व पुलिस के बड़े लोगों की सांठगांठ से चल रहा है सूदखोरी का कारोबार। यही हाल रहा तो निवेशक प्रदेश में पैसा नहीं लगाएंगे।
योगी के मंत्री बोले- दोषी कितना भी रसूखदार हो, कार्रवाई तय
बलिया के प्रभारी व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र दयालु गुरुवार सुबह नंदलाल के परिजनों से मिले। पत्नी मोनी गुप्ता को बाकी बचे मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना दी। कहा कि बाकी सभी भी 24 घंटे में हिरासत में होंगे। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पूरे मामले की जानकारी है। उन्होंने घटना का लाइव वीडियो भी देखा है।
दोषी कितना भी रसूखदार हो, वह बचेगा नहीं। इस दुख की घड़ी में सरकार आपके साथ है। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से विशेष रूप में मैं परिजनों से मिलने आया हूं। सूदखोरी, ब्याजखोरी समाज के लिए कलंक है। योगी सरकार जीरो टॉलरेंस की सरकार है।