UP Election 2022: कांग्रेस को झटका, अमरोहा सीट से प्रत्याशी सलीम खान सपा में शामिल
सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी सलीम खान अमरोहा सीट से सपा प्रत्याशी महबूब अली के साथ रामपुर पहुंचे। यहां सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। इसके थोड़ी देर बाद कांग्रेस प्रत्याशी सलीम खान और अखिलेश के बीच मुलाकात के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
विस्तार
अमरोहा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से तीन दिन पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। अमरोहा विधानसभा सीट से उनके प्रत्याशी सलीम खान एडवोकेट सपा में शामिल हो गए हैं। रामपुर में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से उन्होंने मुलाकात की। इसके दो दिन पहले सलीम खान एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने भाजपा को हराने के लिए अपने समर्थकों से सपा के पक्ष में वोट करने की अपील की थी। सलीम
कांग्रेस ने अमरोहा जिले की चारों सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। इसमें धनौरा विधानसभा सीट से समरपाल सिंह, हसनपुर सीट से आसिम साबरी, नौगांवा सादात सीट से रेखा रानी और अमरोहा क्षेत्र से सलीम खान एडवोकेट को अपना प्रत्याशी बनाया था।
दो दिन पहले अमरोहा सीट से प्रत्याशी सलीम खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें वह भाजपा को हराने के लिए अपने समर्थकों से सपा के पक्ष में वोट करने की अपील कर रहे थे।
हालांकि यह वीडियो सामने आने के बाद सलीम खान विरोधियों पर वीडियो एडिट कर उनकी छवि खराब करने की बात कह पर्दा डालने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी सलीम खान अमरोहा सीट से सपा प्रत्याशी महबूब अली के साथ रामपुर पहुंचे।
सलीम खान ने बताया क्यों छोड़ी कांग्रेस
अपने फैसले को लेकर सलीम खान का कहना है कि मैं सपा में इसलिए शामिल हुआ क्योंकि कांग्रेस में संवादहीनता की स्थिति है। यह स्थिति दूसरी पंक्ति के नेतृत्व द्वारा बनाई गई है जो नहीं चाहता कि जमीनी स्तर के कार्यकर्ता राष्ट्रीय नेतृत्व से मिलें। मैं राहुल, प्रियंका गांधी से मिलना चाहता था, लेकिन दूसरी पंक्ति के नेतृत्व ने मेरे रास्ते बंद किए हुए थे।
सपा अध्यक्ष से मुलाकात के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यहां सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। इसके थोड़ी देर बाद कांग्रेस प्रत्याशी सलीम खान और अखिलेश के बीच मुलाकात के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। जिससे कांग्रेस के पदाधिकारियों में खलबली मच गई।
फोन पर बातचीत के दौरान सलीम खान ने वायरल फोटो को सही बताते हुए खुद को अखिलेश के साथ होने की बात कही। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमकार कटारिया ने बताया कि अमरोहा सीट से प्रत्याशी सलीम खान के कुछ फोटो अखिलेश यादव के साथ सामने आए हैं। सही बात का पता किया जा रहा है, इसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।