जिले में रविवार की दोपहर बीस मिनट तक झमाझम बारिश हुई। बीस मिनट में पंद्रह एमएम बारिश से अमरोहा और मंडी धनौरा की सड़कें स्वीमिंग पूल बन गईं। दुकानों में पानी भर गया और राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कत हुई।
शनिवार की सुबह आसमान में उमड़-घुमड़ कर आए काले बादल बूंदाबांदी तक सिमट कर रह गए थे। रविवार को भी मौमस वैसा ही बना रहा लेकिन करीब एक बजे बीस मिनट तक झमाझम बारिश हुई जिसके बाद शहर का मुख्य बाजार, कोतवाली गेट, कोट चौराहा, आजाद रोड, कैलसा बाईपास, जामा मस्जिद, नगर पालिका सहित आदि इलाकों में पानी सड़कों पर भर गया। सड़कें तालाब और नदी जैसी नजर आईं। लोग नगर पालिका की ओछी व्यवस्था को कोसते नजर आए। दुकानदारों का कहना है कि हर साल ऐसी ही हालात रहते हैं। दुकानदारों के मुताबिक आधे शहर का पानी कोट बाजार से गुजरता है जिसकी वजह से हल्की बारिश में जलभराव हो जाता है। पानी अधिक होता है और नाला छोटे हैं। साथ ही नाले में गंदगी भी रहती है जिस कारण निकासी नहीं हो पाती। दो से तीन फीट पानी भरने के कारण तमाम स्थानों पर कार और बाइकों के पहिया पानी में डूबे नजर आए। वहीं मंडी धनौरा में मोहल्ला चामुंडा व कटरा में जलभराव हो गया। दोपहर बाद करीब चार बजे चटकदार धूप खिलने के बाद मौसम में उमस और चिपचिपी गर्मी से लोग बेहाल हो गए। बारिश के चलते क्षेत्र में धान की रोपाई तेज हो गई है। जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि जनपद में रविवार को करीब 15 एमएम बारिश हुई है। बारिश से सभी फसलों को कोई नुकसान नहीं है। ऐसे मौसम में धान की रोपाई हो सकेगी।