कहानी चुनाव की: अमरोहा की जनता ने चुनाव-दर-चुनाव पहचानी वोट की ताकत, 2019 में 71% मतदान का बनाया था रिकॉर्ड
आजादी के बाद मुरादाबाद डिस्ट्रिक्ट सेंट्रल के नाम से अपनी पहचान रखने वाली इस सीट को 1957 के चुनाव में अमरोहा के रूप में पहचान मिली। अब तक हुए 17 आम चुनावों में साल 2019 में सबसे ज्यादा 71.01 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लोकतंत्र के महापर्व की शुरुआत हो चुकी है। जिसमें एक-एक वोट की कीमत बड़े बदलाव की बयार लाती है। यहां की जनता ने भी चुनाव दर चुनाव अपने वोट की कीमत को पहचाना और लोकतंत्र के इस पर्व में अपने वोट का इस्तेमाल किया। नतीजा, धीरे धीरे यहां के लोग जागरूक हुए और मतदान का प्रतिशत भी बढ़ता गया।
साल 1951 से लेकर बीते 2019 के चुनाव तक लगभग 30 फीसदी मतदान प्रतिशत का इजाफा हुआ है। 1951 में जहां 42.10 फीसदी मतदाता वोट डालने के लिए घरों से निकले थे, वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर 71.01 फीसदी वोटिंग हुई थी।
आजादी के बाद मुरादाबाद डिस्ट्रिक्ट सेंट्रल के नाम से अपनी पहचान रखने वाली इस सीट को 1957 के चुनाव में अमरोहा के रूप में पहचान मिली। 2009 के लोकसभा चुनाव से पहले इस सीट में अमरोहा, गंगेश्वरी व बिजनौर की धामपुर और स्योहारा तथा मुरादाबाद की कांठ विधानसभा सीट आती थीं।
परिसीमन के बाद अमरोहा की चार विधानसभा अमरोहा, नौगावां सादात, हसनपुर और मंडी धनौरा के अलावा हापुड़ की गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा सीट को इसमें शामिल किया गया। 1951 से पहले आम चुनाव में कांग्रेस के हिफ्जुर्रहमान यहां के सांसद चुने गए थे। इस चुनाव में यहां के 42.10 फीसदी मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया गया था।
यह इस सीट के इतिहास का अब तक का सबसे कम मतदान प्रतिशत रहा है। लेकिन इसके बाद हुए चुनावों में जनता ने वोट की ताकत को पहचाना और वोट करने के लिए घरों से निकले। अब तक हुए 17 आम चुनावों में साल 2019 में सबसे ज्यादा 71.01 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
चुनावी साल मतदान प्रतिशत
1951 - 42.10
1957 - 50.25
1962 - 55.67
1967 - 60.32
1971 - 51.42
1977 - 62.48
1980 - 55.34
1984 - 66.25
1989 - 60.47
1991 - 61.09
1996 - 57.01
1998 - 66.17
1999 - 63.67
2004 - 65.93
2009 - 60.17
2014 - 70.97
2019 - 71.01