अमरोहा। गजरौला थानाक्षेत्र के शकूराबाद गांव में आसिया उर्फ आलिया और उसकी बेटी इनाया की पानी की टंकी में डूबने से मौत हुई। उनके शरीर पर किसी तरह का चोट के निशान नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। करीब चार बजे तीन डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट के मुताबिक पोस्टमार्टम करने से पहले 12 घंटे के भीतर दोनों की डूबे थे।
पुलिस के मुताबिक डॉ. फारूक अहमद, डॉ मुमताज अंसारी और डॉ. सीपी यादव समेत तीन सदस्य टीम ने मृतका आसिया उर्फ आलिया व उसकी बेटी इनाया के शव का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान वीडियोग्राफी कराई गई। एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि मां-बेटी की मौत टंकी में भरे पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि मृतका के मायके वालों का कोई पता नहीं है। ये पता चला था कि महिला दिल्ली की रहने वाली है। इसलिए एक टीम दिल्ली भेजी गई है। जिससे उसके मायके वालों का पता लगाया जा सके। हत्या-आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच जारी है। अगर महिला ने बेटी के साथ आत्महत्या की है तो उसके पीछे भी कुछ वजह रही होगी। इसके आधार पर भी आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया जाएगा। फिलहाल मृतका के मायके वालों के तलाश का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. फारूख अहमद ने भी मां-बेटी की डूबने से मौत की पुष्टि की है।