असदुद्दीन ओवैसी बोले: गोलियों की ठांय-ठांय से नहीं डरता मैं, समाजवादी पार्टी ने की मुसलमानों की तौहीन
असदुद्दीन औवेसी ने कहा कि गाेलियों की ठांय-ठांय से औवेसी नहीं डरता। सपा, बसपा, भाजपा और कांग्रेस ने देश एवं प्रदेश की जनता को धोखा देने का काम किया है।
विस्तार
एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि वो गोलियों की ठांय-ठांय से नहीं डरता, जो लोग यह समझते हैं कि इससे ओवैसी डर जाएगा। उन्हें बताना चाहता हूं कि इसका जवाब हिस्सेदारी लेकर दिया जाएगा। मुझे जेड श्रेणी की सुरक्षा दिए जाने की बात की जा रही है। नहीं चाहिए जेड श्रेणी की सुरक्षा, हमें एक श्रेणी का शहरी ही बना दीजिए।
ओवैसी सोमवार को हसनपुर के नुमाइश मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा, भाजपा और कांग्रेस ने देश एवं प्रदेश की जनता को धोखा देने का काम किया है। उन्हें केवल गुलाम समझा है और दरी उठवाने लायक ही समझा है, लेकिन मजलिस ऐसा नहीं होने देगी। मजलिस इसका विरोध करेगी।
मुझे जेड श्रेणी की सुरक्षा की जरूरत नहीं है
कहा कि गृहमंत्री अमित शाह का मैं शुक्रिया करता हूं कि उन्होंने मुझसे जेड श्रेणी की सुरक्षा ले लेने की अपील की है। लेकिन मैं उन्हें ये बताना चाहता हूं कि मुझे जेड श्रेणी की सुरक्षा की जरूरत नहीं है। मुझे ए श्रेणी का शहरी बना दीजिए। मैं बराबरी चाहता हूं। मुसलमानों को भी उनकी हिस्सेदारी दे दीजिए, जो लोग यह कहते हैं कि ओवैसी की वजह से बीजेपी जीत जाती है, तो उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या 2014 और 2019 के चुनाव में उत्तर प्रदेश के अंदर एआईएमआईएम ने अपने प्रत्याशी उतारे थे। इसके बावजूद भी उन्हें करारी हार मिली। वह अपनी गलत नीतियों की वजह से हार रहे हैं। जनता इसका जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।
ओवैसी ने कहा कि मेरी उनसे यही लड़ाई है। मैं आजादी चाहता हूं फिरकापरस्त ताकतों के जुल्म से, मैं आजादी चाहता हूं उन पार्टियों से जो आरएसएस के उम्मीदवार हसनपुर में उतराकर मुझसे कह रहे हैं कि तुम इनकी गुलामी करो। मैं भाईचारा चाहता हूं। इसलिए हमने परिवर्तन मोर्चा को बनाया है। मैं चाहता हूं कि यूपी के हर मैदान में मुझसे इंसाफ किया जाना चाहिए। ओवैसी ने कमाल अख्तर को हसनपुर से पहले नौगांवा, फिर कांठ भेजने के निर्णय पर भी तंज कसते हुए कहा कि वाह रे अखिलेश तुमने तो कमाल कर दिया।
एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस को आदर्श मानकर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि नेता जी ने अंग्रेजों के साथ जंग ए आजादी में नारा दिया था कि कदम-कदम बढ़ाए जा। खुशी के गीत गाए जा, ये जिंदगी है कौम की, तू कौम पर लुटाए जा।
ओवैसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गर्मी वाले बयान पर तंज कसा। कहा कि अगर सीएम योगी मई जून की गर्मी में सर्दी पैदा कर सकते हैं तो उन्हें तो वैज्ञानिक होना चाहिए था। कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में जब गंगा में लाशें तैर रहीं थीं तो बाबा ने कुछ क्यों नहीं किया।