Amroha: दुकान पर सामान लेने जा रही युवती पर गिरी दीवार, मलबे में दबकर मौत, दो मार्च को थी शादी
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मामले में परिजनों के तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
अमरोहा की डिडौली कोतवाली क्षेत्र के चौधरपुर गांव में दीवार के नीचे दबकर एक युवती की मौत हो गई। उसकी दो मार्च को शादी थी। युवती के परिजनों ने दीवार मालिक पर जानबूझ कर मारने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात तक मामले में तहरीर नहीं दी गई है।
नौ भाई-बहनों में सबसे छोटी चांदनी (20) के पिता हामिद राज मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। आरोप के मुताबिक गांव के ही रहने वाले किसान के नए मकान का निर्माण चल रहा है। गुरुवार की शाम करीब पांच बजे मजदूर पुरानी दीवार को रास्ते की तरफ गिरा रहे थे। तभी वहां से गुजर रही चांदनी के ऊपर दीवार भरभरा कर गिर गई। इस दौरान चांदनी मलबे के नीचे दब गई। बताया जा रहा है कि चांदनी परचून की दुकान से समान लेने जा रही थी। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही चांदनी के परिजन भी मौके पर आ गए।
आनन-फानन ग्रामीणों ने मलवा हटाकर चांदनी को बाहर निकाला और निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने चांदनी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गमजुदा परिजनों ने जानबूझ कर चांदनी को मारने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर पीके चौहान फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की। बाद में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक दो मार्च को चांदनी की शादी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया घटना हादसा प्रतीत होती है। वहीं घटना के बाद दीवार मालिक और उसके परिजन घर छोड़कर भाग गए हैं।