Amroha Seat: नए रिकॉर्ड से चूके अमरोहावासी, 64.02 प्रतिशत पर ठिठके मतदाता, 2019 में हुई थी 71.05% वोटिंग
अमरोहा लोकसभा सीट पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। मतदाताओं ने 12 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य ईवीएम में कैद कर दिया है। इस बार अमरोहा सीट पर 64.02 प्रतिशत वोट पड़ा। जो पिछले चुनाव से 7.03 फीसदी कम है।
विस्तार
लोकसभा चुनाव में मतदाताओं ने 12 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर दिया। शुक्रवार सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह तक चली मतदान प्रक्रिया में कुल 64.02 फीसदी मतदाताओं ने अपने वोट का इस्तेमाल किया। हालांकि अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ने में अमरोहा के मतदाता 7.03 फीसदी वोटों से चूक गए।
2019 में हुए लोकसभा चुनाव में 71.05 प्रतिशत मतदान कर प्रदेश में अव्वल रहे थे अमरोहा के मतदाता। शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत मतदान हुआ। प्रशासनिक अधिकारी सुबह से ही चुनाव को लेकर अलर्ट मोड पर थे। अमरोहा में कुल 1486 पोलिंग बूथों पर हुई वोटिंग में मतदाताओं ने अपने जनप्रतिनिधि को चुनने के लिए वोट डाले।
अमरोहा से भाजपा, कांग्रेस एवं बसपा समेत कुल 12 प्रत्याशी चुनावी अखाड़े में अपनी किस्मत आजमा रहे थे। सुबह से ही मतदाताओं में वोटिंग को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा था। सुबह सात बजते ही मतदाता केंद्रों पर पहुंचने लगे। दिन बढ़ने के साथ मतदाताओं में उत्साह बढ़ता ही चला गया। मताधिकार का प्रयोग करके वोटरों ने प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला किया।
चार जून तक करना होगा परिणाम का इंतजार
दूसरे चरण में अमरोहा का चुनाव पूरा हो गया। सभी चरणों के चुनाव संपन्न होने के बाद 4 जून को परिणामों की घोषणा होगी। इतने दिन तक लोगों का चुनाव परिणाम को लेकर इंतजार करना होगा। तब तक चुनाव परिणाम को लेकर कयासों का दौर चलता रहेगा।
जिले की चार विधानसभा सीटों मंडी धनौरा, नौगांवा सादात, अमरोहा एवं हसनपुर की मतगणना मंडी समिति में बने स्ट्रांग रूम में होगी जबकि गढ़मुक्तेश्वर सीटों के वोटों की गिनती हापुड़ जनपद में संपन्न होगी।
चुनावी गतिविधियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता लगातार बनी रही। डीएम, एसपी, सीडीओ, एडीएम लगातार बूथों का निरीक्षण करते रहे। इसके अलावा सामान्य प्रेक्षक राहुल शर्मा एवं पुलिस प्रेक्षक दीपक पांडेय लगातार चुनाव की अपडेट लेते रहे।
इनकी किस्मत हुई ईवीएम में कैद
कंवर सिंह तंवर भाजपा
दानिश अली कांग्रेस-सपा
डॉ. मुजाहिद हुसैन बसपा
सुहेल हैदर अखिल भारतीय परिवार पार्टी
कुशाग्र निर्दलीय
नरेंद्र सिंह निर्दलीय
कुमदेश कुमार निर्दलीय
काशिफ हुसैन निर्दलीय
जीतपाल राणा निर्दलीय
दानिश पुत्र नफीस निर्दलीय
सुरेश निर्दलीय
नईमुद्दीन निर्दलीय
थ्री लेयर सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखी गईं ईवीएम
ईवीएम और वीवीपैट को जमा करने के लिए शाम सात बजे के बाद मतदान कार्मिकों के मंडी समिति पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ। सेक्टर मजिस्ट्रेट के जरिए विधानसभा क्षेत्रवार जमा किए गए। इसके बाद उन्हें स्ट्रांग रूम में रखे जाने की प्रक्रिया शुरू हुईं। कुछ प्रत्याशी और निर्वाचन एजेंट भी रहे। देर रात मंडी समिति के स्ट्रांग रूम में ईवीएम सुरक्षित रखवा दी गईं।
थ्री लेयर सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम को कब्जे में ले लिया। सीसीटीवी कैमरे युक्त कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। यहां पर अब 24 घंटे सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। किसी भी बाहरी व्यक्ति को इनके आसपास नहीं फटकने दिया जाएगा। जिले के 1486 पोलिंग स्टेशन में शाम छह बजे तक मतदान की प्रक्रिया चली।
मतदान के बाद पोलिंग पार्टियों ने पैकिंग की तैयारी शुरू की। पीठासीन अधिकारी और मतदान कार्मिकों ने मिलान कराया। इसके बाद वाहन में सवार हुए। मंडी समिति में पहुंच कर विधान सभा क्षेत्रवार ईवीएम और वीवीपैट जमा किए। आठ बजे के बाद मतदान कार्मिकों की भीड़ बढ़ गई। उन्हें मशीन जमा करने के लिए इंतजार करना पड़ा।
स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए प्रत्याशियों अथवा उनके चुनाव अभिकर्ता कर सकते हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे से पल पल की गतिविधि कैद हो रही है। एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि ईवीएम की सुरक्षा थ्री लेयर की गई है। स्ट्रांग रूम से पास सबसे पहले सशस्त्र बीएसएफ के जवान तैनात किए गए हैं। दूसरी लेयर में एसएएफ (स्टेट आर्म्स फोर्स) और तीसरी लेयर में सिविल पुलिस मुस्तैद की गई है।
वोटर लिस्ट से नाम कटने से परेशान रहे मतदाता
हसनपुर में वोटर लिस्ट से नाम कटने से सैकड़ों की तादाद में मतदाता परेशान रहे। उन्होंने दूरभाष पर अधिकारियों से शिकायत भी की। लेकिन उनके वोट नहीं डल सके। जिससे ऐसे मतदाताओं में रोष रहा। जिनके वोट कट गए थे।
क्षेत्र के ग्राम भदौरा में मतदान के दौरान वोटर लिस्ट से नाम गायब होने से मतदान स्थल से वोट नहीं पड़ पाने के कारण कई लोग निराश होकर लौटे। ग्रामीण किरणपाल पुत्र कांशीराम ने मतदान हेतु अपनी पर्ची की तलाश की तो लिस्ट में नाम तो था। किरणपाल भारतीय किसान संघ का सदस्य है तो मामले की शिकायत संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा से की गई।
इस पर उन्होंने अधिकारियों से शिकायत की। इसके अलावा गांव में विमलेश पत्नी महेंद्र सिंह, सीमा पत्नी रामचरण, सोनू पुत्री रामचरण और विनोद पुत्र कांशीराम समेत कई ग्रामीणों के वोट वोटर लिस्ट में नहीं मिले।
उधर, हसनपुर के मोहल्ला राजपूत कालोनी निवासी उमेश शर्मा, मोहित शर्मा, अमित शर्मा, डॉ.सत्यस्वरूप गुप्ता, इंद्रा गुप्ता, नितिन कुमार, रोचन देवी समेत कई लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब थे। उमेश शर्मा का कहना है कि बीएलओ की लापरवाही की वजह से वोट काटे गए हैं। वीएलओ की चुनाव आयोग से शिकायत की जाएगी।
सैदपुर इम्मा गांव में दिखा उत्साह जैसा माहौल
खनन और अपनी बोलचाल को लेकर सुर्खियों में रहने नौगांवा सादात विधानसभा का गांव सैदपुर इम्मा में लोकतंत्र के महापर्व में उत्साह और उमंग देखने को मिला। यहां के बूथों पर मेले जैसा माहौल रहा। प्राथमिक विद्यालय सैदपुर इम्मा के मदातन केंद्र पर सुबह छह बजे से ही वोटरों की लंबी कतार लग गईं।
घंटों इंतजार के बाद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 26 दिसंबर 2018 को एनआइए की टीम ने सैदपुर इम्मा में छापा मारकर दो संदिग्ध आतंकी पकडे थे। इसके बाद ये गांव में देशभर में सुर्खियों में आ गया। यहां के लोग खनन करने को लेकर और अपनी बोलचाल को लेकर चर्चाओं में रहते है।
यहां के लोगों में लोकतंत्र के महापर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। गांव में दो पोलिंग स्टेशन बनाए गए। गांव के बाहरी छोर पर ईदगाह के बगल प्राथमिक स्कूल पर बने तीन बूथों पर मतदाताओं की खासी भीड़ देखने को मिली। महिला और पुरुषों दोनों की लंबी लाइन लगी रही।
बताया जाता है कि यहां सुबह छह बजे से ही मतदाता लाइन में खड़े हो गए थे। घंटे भर इंतजार करने के बाद लोगों ने वोट डाले। देर शाम तक ये सिलसिला जारी रहा।