अमरोहा: सहेलियों के साथ कॉलेज जा रही बीएड की छात्रा से कुंडल और चेन लूटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रप्रकाश शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी की। छात्र के पिता अधिवक्ता फैयाजउद्दीन के मुताबिक कुंडल और चैन की कीमत करीब दो लाख रुपये है।
विस्तार
अमरोहा के नौगांवा सादात में सहेलियों के साथ कॉलेज जा रही बीएड की छात्रा से बाइक सवार बदमाशों ने कुंडल और सोने की चेन लूट ली। जेवरात की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। काफी तलाश करने के बाद भी बदमाशों का सुराग नहीं लगा। छात्रा के पिता ने घटना की तहरीर दे दी है। पुलिस जांच में जुट गई है।
यह घटना नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के बोरी गांव की है। यहां पर फैयाजउद्दीन एडवोकेट का परिवार रहता है। एडवोकेट फैयाजउद्दीन नौगांवा सादात तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। उनकी बेटी शिरीन फातमा बीएड में पढ़ती है।
बुधवार की सुबह करीब 10 बजे शिरीन फातमा अपनी गांव की रहने वाली अन्य तीन सहेलियों के साथ कॉलेज जा रही थी। उन्हें कॉलेज में बीएड की परीक्षा के लिए फॉर्म भरना था। जैसे ही वह गांव से करीब 300 मीटर दूर रामगंगा पोषक नहर के पास पहुंची। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने छात्राओं को तमंचे के बल पर कब्जे में ले लिया।
बदमाशों ने छात्रा को तमंचे की बट मारकर किया घायल
इस दौरान एक बदमाश ने तमंचे के बल पर शिरीन फातमा के कानों से कुंडल और गले की चेन खींच ली। इस दौरान छात्र और बदमाश के बीच काफी खींचतान हुई। एक बदमाश ने तमंचा की बट मारकर छात्रा को घायल कर किया। इसके बाद बदमाश छात्राओं को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
किसी तरह छात्राओं ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। थोड़ी देर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रप्रकाश शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी की। छात्र के पिता अधिवक्ता फैयाजउद्दीन के मुताबिक कुंडल और चैन की कीमत करीब दो लाख रुपये है। उन्होंने घटना की तहरीर दे दी है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके का निरीक्षण किया गया है। जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।- चंद्रप्रकाश शुक्ला एएसपी अमरोहा