{"_id":"63b3fcc0f4216363442b3d21","slug":"amroha-dead-body-of-the-youth-was-found-hanging-from-the-tree","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमरोहा: युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अमरोहा: युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई
Tue, 03 Jan 2023 03:30 PM IST
विक्रांत चतुर्वेदी
संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी धनौरा/कुआखेड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी धनौरा/कुआखेड़ा
Published by: विक्रांत चतुर्वेदी
Updated Tue, 03 Jan 2023 03:30 PM IST
विज्ञापन
खेत
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र के गांव हलुपुरा में मंगलवार की सुबह नईम पुत्र वकील अहमद उम्र 35 साल का शव एक ग्रामीण के खेत में स्थित पेड़ से लटका पाया गया। नईम के दोनों पांव तांबे के तार से बंधे हुए थे। परिजन मौत की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने भी मौका मुआयना किया। परिजनों ने नईम की हत्या की आशंका जताई है। गांव हलुपुरा निवासी नईम अहमद खेती कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था।
विज्ञापन
वह सोमवार की शाम सिंचाई करने के लिए खेत पर गया था। उसका शव मंगलवार की सुबह गांव के ही धर्म सिंह के खेत में स्थित एक पेड़ से लटका पाया गया। धर्म सिंह अपने खेत पर पहुंचा तो पेड़ से शव लटका देखकर ग्रामीणों को सूचना दी।
विज्ञापन
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। शव को देखकर नईम के परिजन बिलखने लगे। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार भी आ गए। उन्होंने नईम के शव को नीचे उतारा। उसके पांव तार से बंधे हुए थे और चादर पेड़ पर रखी थी। परिजनों ने नईम की हत्या की आशंका जताई।
विज्ञापन
हालांकि उन्होंने किसी से रंजिश होने की बात से इनकार किया है। मृतक के भाई शमीम अहमद ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने बताया कि नईम पिछले साल सात अक्तूबर को किसी को बताए बगैर घर से गायब रहा था। तीन दिन बाद वह वापस लौट आया था। लेकिन उसने अपने तीन दिन तक गायब रहने के बारे में परिजनों को कोई जानकारी नहीं दी थी। बीते दो दिन से वह उदास था।