अमरोहा। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में जनपद के विकास के लिए 21.82 करोड़ का बजट का प्रस्ताव पारित हुआ है। इसके अलावा मनरेगा और जिला विकास योजना के अंतर्गत भी कई करोड़ के बजट का प्रस्ताव पास हुआ। जिला पंचायत की आमदनी बढ़ाने पर जोर दिया गया है। विभागों में चल रहे भ्रष्टाचार पर अकुंश लगाया जाएगा।
जिला पंचायत ललित तंवर की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। जिसमें हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, नौगांवा सादात सीट से सपा विधायक समरपाल सिंह, ब्लाक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्यों की मौजूदगी में वर्ष 2021-22 के लिए 21.82 करोड़ का प्रस्ताव पास हुआ। इसके अलावा वर्ष 2022-23 के 52.06 करोड़ के आय-व्यय की स्वीकृति पर चर्चा की गई। इसके अलावा जिला पंचायत विकास योजना का बजट प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही मनरेगा लेबर बजट की स्वीकृति पर भी विचार किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार क्षेत्र का विकास होना चाहिए। इसमें गड़बड़ी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाह अधिकारी सुधर जाए, वरना कार्रवाई के लिए तैयार रहें। विभागों में भ्रष्टचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अफसर सरकार को बदनाम करने की कौशिश न करें। इस दौरान सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।