UP News: बेगमपुरा एक्सप्रेस से उतरे आरोपी... चाकू से गोदकर यात्री को मार डाला, सगे भाई घायल; उसी ट्रेन से फरार
बेगमपुरा एक्सप्रेस ट्रेन से उतरकर अज्ञात हमलावरों ने तीन भाइयों पर हमला कर दिया। एक मौत हो गई। दो घायल हैं। आरोपी उसी ट्रेन से फरार हो गए।
विस्तार
यूपी के अमेठी में निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार की सुबह यात्री की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उसके दो सगे भाइयों को जख्मी कर दिया गया। दो भाई पंजाब से आकर लखनऊ में बेगमपुर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुए थे। जबकि, तीसरा भाई उन्हें लेने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचा था।
वारदात अंजाम देने के बाद अज्ञात हमलावर इसी ट्रेन पर सवार होकर चले गए। घायलों में एक युवक को लखनऊ रेफर किया गया है, दूसरे का जगदीशपुर ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। ट्रेन की बोगी में दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरपीएफ मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
जगदीशपुर इलाके में बृहस्पतिवार की सुबह जब बेगमपुरा एक्सप्रेस ट्रेन निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो उसमें से दो सगे भाई उतरे। उनके उतरते ही ट्रेन में ही सवार पांच अज्ञात हमलावरों ने उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। यह देखकर युवकों को लेने पहुंचे उनके बड़े भाई ने बचाव की कोशिश की तो उसको भी जख्मी कर दिया। तीनों युवकों को घायल करने के बाद हमलावर ट्रेन चलने पर उसी में बैठकर सुल्तानपुर की ओर चले गए।
तीसरे भाई का जगदीशपुर में चल रहा इलाज
हमले में घायल तीनों भाइयों को जगदीशपुर के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के मडकियान का पुरवा मरजे दौलतपुर लोनहर गांव निवासी तौहीद (23) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जब इसके भाई तालिब (28) को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। तीसरे भाई तौसीफ का जगदीशपुर में इलाज चल रहा है।
बताया गया कि मृतक व उसका भाई पंजाब से किसी ट्रेन से लखनऊ पहुंचे थे। वहां से यह बेगमपुरा एक्सप्रेस पर सवार होकर निहाल गढ़ आ रहे थे। रास्ते में इनका किसी बात को लेकर ट्रेन के डिब्बे में विवाद हुआ था। उन्हीं लोगों ने घटना अंजाम दी है।
आरपीएफ कर रही जांच
आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार का कहना है कि सूचना मिली तो जनरल डिब्बे में झगड़ा हुआ था। तीन लोग घायल हुए थे। उनमें से एक की मौत हो गई है। हमलावरों में से कुछ लोगों को सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया है। मामले की जांच चल रही है।