अमेठी सिटी। बांदा-टांडा हाईवे पर गौरीगंज के बाबूगंज में बैंक ऑफ बड़ौदा परिसर में लगे एटीएम बूथ को मंगलवार रात बदमाशों ने लूटने की कोशिश की। बदमाशों ने पहले बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त किया, इसके बाद छेनी और हथौड़ी से मशीन काटकर लूट की कोशिश की। बुधवार सुबह एटीएम बूथ क्षतिग्रस्त मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की।
बुधवार सुबह टहलने निकले भवन मालिक मेहंदी हसन ने एटीएम बूथ टूटा देख मामले की जानकारी शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार को दी। बैंक परिसर में लगे एटीएम बूथ को लूटने की कोशिश होने पर वहां लोगों की भीड़ जुट गई। बैंक कर्मियों और पुलिस ने निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पता चला है कि घटनास्थल से छेनी और हथौड़ी बरामद हुई है, जिनका इस्तेमाल बूथ काटने के लिए किया गया। मशीन के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है। कहा जा रहा है कि नकदी तक पहुंचने में बदमाश नाकाम रहे। बैंक के मुख्य द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दो संदिग्ध आते-जाते दिखाई दिए हैं। हालांकि, बूथ के अंदर लगे कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे पूरी गतिविधि रिकॉर्ड नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। बैंक प्रबंधन के अनुसार एटीएम की सुरक्षा और निगरानी का जिम्मा एनसीआर कंपनी के पास है। सीसीटीवी के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था रहती है। घटना की सूचना संबंधित एजेंसी को दी गई है।