अमेठी: सात करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, केंद्रीय मंत्री स्मृति बोलीं- 2500 आवास मिलना भाजपा सरकार में ही संभव
स्मृति ने कहा कि उनकी ओर से संसदीय क्षेत्र के सभी 17 मंडलों से ढाई हजार लोगों को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराए गए, वैसे ही काशी विश्वनाथ के भी दर्शन कराए जाएंगे। स्मृति ने मौजूद लोगों को शनिवार को गौरीगंज के जवाहर नवोदय विद्यालय में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की सभा में पहुंचने का आमंत्रण भी दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा सरकार जो वादा करती है उसे पूरा करती है। जनता ने पहले मोदी को प्रधानमंत्री फिर योगी को मुख्यमंत्री बनाया। हमारी पार्टी ने अपना वादा पूरा करते हुए राम मंदिर निर्माण कार्य शुरू कराया। आज भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो रहा है। आगे भी जनता हमें जिताएगी तो हम काशी व मथुरा में भी विशाल मंदिर बनवाएंगे। यह बातें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जायस नगर पालिका परिषद में सात करोड़ की लागत वालीं 225 परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास के मौके पर कहीं।
उन्होंने मौजूद लोगों से हाथ उठवाकर आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने का वादा लिया। उन्होंने कहा कि जायस में पालिका अध्यक्ष महेश प्रताप सोनकर व तिलोई विधानसभा विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह की कोशिश से तरक्की के नये आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। नगर में गरीबों को ढाई हजार आवास दिए गए, सड़कें बनवाई जा रही हैं। पेयजल व लाइट की व्यवस्था बेहतर हुई है। यह सिर्फ भाजपा सरकार में संभव है।
स्मृति ने कहा कि उनकी ओर से संसदीय क्षेत्र के सभी 17 मंडलों से ढाई हजार लोगों को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराए गए, वैसे ही काशी विश्वनाथ के भी दर्शन कराए जाएंगे। स्मृति ने मौजूद लोगों को शनिवार को गौरीगंज के जवाहर नवोदय विद्यालय में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की सभा में पहुंचने का आमंत्रण भी दिया। सभा को विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह, पालिका अध्यक्ष महेश प्रताप सोनकर ने भी संबोधित किया।
मंच से ही सांसद स्मृति ईरानी ने लोगों की समस्यायें सुनीं और मंच पर मौजूद डीएम अरुण कुमार, एसपी दिनेश सिंह व सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर को समस्या का निस्तारण कराने का निर्देश दिया। नव चेतना समिति के अध्यक्ष मनोज माहेश्वरी ने सांसद को जनता की छह मांगों का ज्ञापन दिया। कार्यक्रम का संचालन सभासद अशोक कुमार मौर्य ने किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार त्रिपाठी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश कुमार सिंह, घनश्याम माहेश्वरी, जफर हैदर, रोमिल जैन, काशीनाथ कौशल, सिद्धार्थ जैन, प्रधान राम सेवक वर्मा, धर्मेंद्र वर्मा, शुभम अग्रहरि, महिला सभासद शकुंतला देवी व मनोज जायसवाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
फरियादी महिलाओं को बाहर निकाला
जायस नगर के हनुमान दल में आयोजित नगर पालिका प्रशासन द्वारा केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम स्थल पर खारे पानी की समस्या लेकर बाल्टी व डिब्बा लेकर पहुंची वार्ड नंबर नौ की दर्जनों महिलाओं तथा बच्चों को गेट पर ही रोक लिया गया। इस दौरान जब महिलाएं केंद्रीय मंत्री से मिलने के लिए मंच की तरफ बढ़ीं तो उन्हें भाजपा के लोगों ने बाहर निकाल दिया।
दयाशंकर यादव के घर पहुंचीं स्मृति
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शुक्रवार देर शाम विधानसभा क्षेत्र के दक्खिन गांव स्थित भाजपा नेता दया शंकर यादव के घर पहुंचीं। यहां पर सांसद ने दयाशंकर यादव के दोनों नव विवाहित पुत्रों को आशीर्वाद दिया। दयाशंकर यादव को भी दो पुत्रों की शादी की बधाई दी। गौरतलब है कि दयाशंकर के बड़े पुत्र प्रभा शंकर का विवाह पिछले छह दिसंबर को व छोटे पुत्र हरिशंकर यादव की शादी नौ दिसंबर को हुई थी। दयाशंकर ने दो बहुओं के आगमन पर 11 दिसंबर को भोज का आयोजन किया था। निमंत्रण केंद्रीय मंत्री को भी भेजा गया था। कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाने के चलते केंद्रीय मंत्री शुक्रवार को दयाशंकर के घर पहुंचीं।