Amethi: रेलवे ट्रैक पर फंसे डंपर को मालगाड़ी ने मारी टक्कर, 100 मीटर तक खींच ले गई, 12 घंटे बाधित रहा यातायात
Accident on Varanasi-Lucknow road: लखनऊ-सुल्तानपुर रेलमार्ग पर मंगलवार की भोर ट्रैक पर फंसे एक डंपर में मालगाड़ी ने टक्कर मार दी। भीषण हादसे का वीडियो वायरल हो रहा है।
विस्तार
लखनऊ-सुल्तानपुर रेल मार्ग पर सोमवार देर रात 1:45 बजे निहालगढ़ के पूरे शोहरत रेलवे क्राॅसिंग पर बड़ा हादसा हुआ। ट्रैक पर डंपर देखने के बाद भी गेट मैन ने गेट बंद कर दिया। इस दौरान गुजर रही मालगाड़ी डंपर को टक्कर मारते हुए करीब 100 मीटर घसीट ले गई। हादसे में लाइन क्षतिग्रस्त होने से 12 घंटे तक डाउन रेल ट्रैक पर यातायात बाधित रहा। इससे शटल एक्सप्रेस सहित छह ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से गुजारा गया। वहीं, रेलवे ने गेटमैन आनन्द हर्षवर्धन को निलंबित कर जांच शुरू कर दी है। डीआरएम सचींद्र मोहन शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रक चालक की गलती है। हादसे के बाद चालक मौके से भाग निकला। बस्ती जिले के मरवटिया रूधौली निवासी घायल खलासी सोनू चौधरी को अभिरक्षा में लेकर उपचार कराया जा रहा है।
निहालगढ़ रेलवे स्टेशन से वाराणसी की तरफ जा रही मालगाड़ी के आने का संकेत मिलने के बाद पूरे शोहरत रेलवे क्राॅसिंग पर तैनात गेटमैन आनंद हर्षवर्धन 1:42 बजे गेट बंद कर रहे थे। इस दौरान रायबरेली से अयोध्या जा रहा डंपर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। वह क्रॉसिंग पार करता कि गेटमैन ने गेट बंद कर दिया।
बस्ती जिले के भरवरी आसरे गांव निवासी चालक श्रवण कुमार यादव ने डाउन रेल लाइन किनारे डंपर खड़ा कर गेटमैन से क्रॉसिंग खोलने का अनुरोध करने लगा, लेकिन गेटमैन उसे अनसुना कर भाग निकला। डंपर चालक जब तक कुछ समझ पाता मालगाड़ी आ गई और डंपर में जोरदार टक्कर मारते हुए करीब 100 मीटर तक घसीट ले गई।
हादसे में मालगाड़ी का इंजन, इलेक्ट्रिक लाइन, पोल, बैरिकेडिंग व तार क्षतिग्रस्त हो गए। बस्ती जिले के मरवटिया रुधौली निवासी डंपर सवार खलासी सोनू चौधरी घायल हो गया। रेलकर्मियों ने राहत व बचाव कार्य शुरू करते हुए हादसे की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। उत्तर रेलवे मंडल लखनऊ प्रबंधक सहित रेलवे संरक्षा और सुरक्षा की टीम मौके पर पहुंची। छह घंटे बाद दूसरा इंजन मंगाकर 7:17 बजे निहालगढ़ स्टेशन पहुंचाया गया। क्षतिग्रस्त रेल लाइन और विद्युत पोल को सुबह करीब 8:30 बजे सही किया गया। इंस्पेक्टर आरपीएफ अजय कुमार ने बताया कि डंपर चालक श्रवण कुमार हादसे के बाद भाग गया है। खलासी हरि प्रसाद उर्फ सोनू चौधरी को हिरासत में लेकर डंपर को कब्जे में लिया गया है।
हादसे से जुड़ा वीडियो वायरल
रेलवे क्रॉसिंग पर मालगाड़ी व डंपर की टक्कर पर कई सवाल उठ रहे हैं। कोई डंपर चालक की लापरवाही बता रहा है तो कोई गेट मैन की। हालांकि सही जानकारी तो जांच के बाद साफ हो पाएगी। हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में डंपर ट्रैक पर पहले से खड़ा दिख रहा है, जो गुजर रही ट्रेन की चपेट में आया है। हालांकि डंपर के ट्रैक पर खड़े होने व क्रॉसिंग बंद होने के सवालों का साफ जवाब कोई जिम्मेदार नहीं दे रहा है।
कब क्या हुआ
1:42 : बजे निहालगढ़ से गुजरी मालगाड़ी।
1:45 : बजे हुआ हादसा।
1:50 : बजे वे मौके पर पहुंची आरपीएफ।
1:53 : बजे पहुंचे प्रभारी निरीक्षक जगदीशपुर धीरेंद्र कुमार यादव।
1:57 : बजे 108 एंबुलेंस पहुंची।
2:10 : पर पहुंचे सीनियर सेक्शन इंजियर निहालगढ़ संजय कुमार।
3:41 : पर पहुंचे टीआई टू लखनऊ एसके सिंह।
4:00 : बजे पहुंचे लखनऊ से मंडल रेल प्रबंधक।
4 से 6 : बजे के मध्य लखनऊ से दो, हैदरगढ़, सुल्तानपुर, जफराबाद और प्रतापगढ़ से पहुंचे टॉवर बैगन।
07:04 : बजे सिंदुरवा से आया इंजन।
7:17 : बजे मालगाड़ी को निहालगढ़ वापस लाया गया।
8:00 : बजे मालगाडी को सिंदुरवा के तरफ ले गए।
10:15 : बजे गेट ठीक किया गया।
10:25 : बजे 30 किलोमीटर प्रति घंटे का कासन लगा।
10:53 : बजे रेल मार्ग हुआ बहाल
गेट मैन ने भी जारी किया वीडियो बयान
निहालगढ़ के पूरे शोहरत रेलवे क्रासिंग हादसे के दौरान तैनात गेट मैंन आनन्द हर्षवर्धन के बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है। इतना ही नहीं गेटमैन की ओर से वरिष्ठ परिचालन प्रबंधक को लिखा पत्र भी वायरल हो रहा है। वीडियो में गेटमैन कह रहा है कि क्रासिंग का बूम बंद कर रहा था। दोनों तरफ से गाड़ियों का दबाव था। तब-तक जगदीशपुर की तरफ से एक ट्रक अन्दर घुस आया। दूसरी तरफ का गेट बंद होने वाला था। बताया कि गेट पुनः उठाने का प्रयास कर रहा था लेकिन जगदीशपुर की तरफ का गेट फंस गया। कहा कि चालक को जानकारी दी कि दोनों गेट को पुनः बंद करने के बाद दोबारा से खोलना पड़ेगा। बंद करके दोबारा खोलने का प्रयास किया गया लेकिन तब तक गेट लाॅक हो चुका था। स्टेशन मास्टर को सूचित किया, दोबारा गेट को खोलते समय ट्रक चालक ने ट्रक पीछे ले जाने की बजाए आगे को बढ़ा दिया तभी हादसा हो गया।
निहालगढ़ के पूरे शोहरत रेलवे क्रासिंग पर हुए हादसे के बाद रेलवे ने गेटमैन को निलंबित कर दिया है। निलंबित करने के बाद मामले की जांच हो रही है। स्टेशन मास्टर विकास पासवान ने बताया कि कंट्रोल रूम की सूचना पर वरिष्ठ प्रबंधक परिचालन लखनऊ ने गेट मैन आनन्द हर्ष वर्धन को अग्रिम आदेशों तक निलंबित कर दिया है।
छह मिनट तक करता रहा मिन्नत, गेट मैन ने कर दिया अनसुना
हरि प्रसाद उर्फ सोनू चौधरी ने जिला अस्पताल में बताया कि वह चालक श्रवण कुमार यादव संग गिट्टी अनलोड करने अयोध्या जा रहे थे। रात करीब 1:40 बजे क्राॅसिंग पर डंपर पहुंचा तो फाटक खुला था। फाटक खुला होने से डंपर लेकर क्राॅसिंग पार कर रहे थे। इसी बीच गेटमैन क्राॅसिंग बंद करने लगा, लेकिन लोड होने व क्राॅसिंग पर गड्ढे होने से एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचने के बीच करीब दो मिनट का समय लगा। क्राॅसिंग के दूसरे छोर पर पहुंचने से पहले गेट मैन ने फाटक बंद कर दिया।
फाटक बंद होने के बाद उन्होंने चालक संग गेट मैन से करीब छह मिनट तक गेट खोलने का अनुरोध किया, लेकिन गेट मैन ने उनकी एक भी बात नहीं सुनी। इसी बीच गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में डंपर आ गया। बताया कि यदि गेटमैन ने उनकी बात सुन ली होती और गेट खोल डंपर को बाहर करवा दिया होता तो हादसा नहीं होता। सही क्या है यह तो जांच के बाद पता चलेगा लेकिन यदि खलासी की बात सही है तो गेट मैन की ओर से बरती गई लापरवाही जांच का विषय है। फिलहाल जांच व कार्रवाई कब होगी यह तो नहीं पता लेकिन हादसे ने पूरे दिन हजारों लोगों को परेशानी में डाल दिया।