{"_id":"57a77a874f1c1bc3762bc6bf","slug":"sealdah-express-train-to-varanasi-divided-into-two-parts","type":"story","status":"publish","title_hn":"दो भागों में बंटी वाराणसी जा रही सियालदह","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दो भागों में बंटी वाराणसी जा रही सियालदह
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
Updated Sun, 07 Aug 2016 11:45 PM IST
विज्ञापन
अबेडकरनगर के मालीपुर रेलवे स्टेशन पर सियालदाह एक्सप्रेस के एस-9 कोच का टूटा कपलिंग।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ से वाराणसी की तरफ जा रही डाउन सियालदह एक्सप्रेस शनिवार देर रात मालीपुर स्टेशन के निकट एस-9 कोच का कपलिंग टूट जाने से दो हिस्सों में बंट गई। गनीमत रही कि ट्रेन की गति धीमी होने से बड़ा हादसा टल गया। लगभग दो घंटे की कवायद के बाद एस-9 कोच के यात्रियों को अन्य डिब्बों में बैठाकर बाकी ट्रेन आगे को रवाना की गई।
विज्ञापन
लखनऊ से चलकर अकबरपुर होते हुए वाराणसी की तरफ जाने वाली सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन रात साढ़े 11 बजे के करीब मालीपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां प्लेटफार्म नंबर एक पर दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन 11 बजकर 34 मिनट पर आगे बढ़ी ही थी कि तभी वह दो हिस्सों में बंट गई। हुआ यह कि 11 बजकर 35 मिनट पर ट्रेन के एस-9 कोच का कपलिंग टूट गया।
विज्ञापन
इसके चलते एस-9 कोच समेत इंजन व अन्य डिब्बे आगे बढ़ने लगे जबकि पीछे के डिब्बे छूट गए। हादसे की जानकारी होते ही चालक ने ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इस बीच स्टेशन पर तैनात रेल अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। दौड़कर सभी लोग मौके पर पहुंचे। ट्रेन के यात्री भी परेशान हो गए।
विज्ञापन
यह संयोग ही रहा कि ट्रेन ने गति नहीं पकड़ी थी वरना यही कपलिंग कुछ दूर आगे जाकर टूटी होती तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था। हादसे के तत्काल बाद स्टेशन पर ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने फौरन उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। अकबरपुर से भी रेल स्टाफ रात में ही मौके पर पहुंच गया।
तकनीकी स्टाफ ने मौका मुआयना किया और इसके बाद तय किया गया कि एस-9 समेत अन्य डिब्बों व इंजन को वाराणसी की तरफ आगे ले जाकर फिर से वापस पटरी नंबर तीन पर लाया जाए। बाद में ऐसा ही कर एस-9 कोच को तीन नंबर पटरी पर छोड़ दिया गया। इसके बाद इंजन व आठ अन्य डिब्बों को वापस एक नंबर प्लेटफार्म पर लाया गया।
यहां शेष डिब्बे भी ट्रेन से जोड़े गए। इससे पहले एस-9 कोच के सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारकर अन्य डिब्बों में बैठाया गया। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि वाराणसी में उनके लिए अतिरिक्त कोच का प्रबंध कर दिया गया है। लगभग तीन घंटे बाद उन्हें वाराणसी में अतिरिक्त कोच मिल जाएगा। इस बीच स्टेशन पर लगभग दो घंटे की कवायद के बाद रात दो बजकर 39 मिनट पर ट्रेन आगे के लिए रवाना की गई।
स्टेशन अधीक्षक मालीपुर सुभाष चौहान ने बताया कि कपलिंग टूटने की वजह से यह घटना हुई। ट्रेन प्लेटफार्म पर थी, इसलिए कोई हादसा नहीं हुआ। सभी यात्री सुरक्षित रहे। एस-9 कोच के यात्रियों को वाराणसी में नया कोच उपलब्ध करा दिया गया।